पुडुचेरी में चाकलेट के मिसाइल मैन
मिसाइल मैन का चाकलेट मॉडल करीब 400 किलो वजनी है जो बिक्री के लिए नहीं है। इस मॉडल को पुडुचेरी की चाकलेट बुटिक 'जुका' ने अपने परिसर में लगाया है और यह लोगों को आकर्षित कर रहा है।
पुडुचेरी। एक चाकलेट बुटिक ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का पांच फीट 11 इंच ऊंचा मॉडल चाकलेट से बनाया है।
मिसाइल मैन का चाकलेट मॉडल करीब 400 किलो वजनी है जो बिक्री के लिए नहीं है। इस मॉडल को पुडुचेरी की चाकलेट बुटिक 'जुका' ने अपने परिसर में लगाया है और यह लोगों को आकर्षित कर रहा है। चाकलेट दुकान के मालिक श्रीनाथ बालचंद्रन ने बताया कि उन्हें और शेफ राजेंद्रन को इसे बनाने में करीब 180 घंटे लगे।
इसे जनवरी के पहले सप्ताह तक प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने कहा, 'यह पूर्व राष्ट्रपति को हमारी श्रद्धांजलि है। खड़े होने की मुद्रा में उनकी छवि बनाना वास्तव में चुनौतीभरा काम था।' श्रीनाथ ने कलाम की चाकलेट से बनी यह आदमकद प्रतिमा अपनी दुकान के सालाना उत्सव के लिए बनाया है।
इसके लिए उन्होंने फेसबुक पर एक सर्वे किया था। उन्होंने बताया कि इससे पहले वह इस मौके के लिए महात्मा गांधी, स्टेचू ऑफ लिबर्टी, मिकी माउस, विंटेज ट्रेन और एक वाद्य यंत्र की चाकलेट प्रतिकृति बना चुके हैं।