9 साल के बच्चे ने पकड़ी 273 किलो वजनी मछली
कनाडा में 9 वर्षीय एक बच्चे ने 273 किलोग्राम की दैत्याकार मछली को पकड़ा, लेकिन इसे बाहर निकालने में उसे 45 मिनट लग गए।
चिल्लीवाक (कनाडा)। मछली पकड़ना यूं तो आम बात है लेकिन जब मछली का वजन 273 किलोग्राम हो और इसे पकड़ने वाले की उम्र केवल 9 साल हो तो यह निश्चित रूप से अखबारों की सुर्खियों में छाने वाली खबर तो होगी ही। कनाडा के चिल्लीवाक सिटी में 9 वर्षीय एक बच्चे ने 273 किलोग्राम की दैत्याकार मछली को पकड़ा, लेकिन इसे बाहर निकालने में उसे 45 मिनट लग गए।
केगन रोथमैन नामक यह बच्चा अपने पिता डैन और गाइड बेन ट्रेनर के साथ फ्रेजर नदी में मछली पकड़ने के लिए गया था। इस दौरान उसके कांटे में यह मछली फंस गई। केगन ने इसे पानी से बाहर निकालने की काफी कोशिश की, लेकिन अकेले वह इसे नहीं निकाल सका। बाद में पिता डैन और गाइड बेन के साथ मिलकर इस मछली को पानी से बाहर निकाला।
केगन के पिता डैन ने बताया कि वे लोग सोमवार को फ्रेजर नदी में मछली पकड़ने के लिए गए थे और केगन ने इसी दौरान विशालकाय व्हाइट स्टर्जन मछली को पकड़ लिया। बाद में हम लोगों ने इस मछली को वापस पानी में छोड़ दिया। [साभार: नई दुनिया]