भारत वापस आए 4400 पर्यटक
पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान फंसे भारतीय पर्यटकों को देश वापस ले आने का कार्य शुरू हो गया है। रविवार को सोनौली सीमा से करीब 44 सौ पर्यटकों को वापस लाया गया। ये पर्यटक भैरहवा-नवलपरासी व बुटवल काठमांडू मार्ग पर फंसे हुए थे।
महराजगंज, जागरण संवाददाता। पड़ोसी राष्ट्र नेपाल में आए विनाशकारी भूकंप के दौरान फंसे भारतीय पर्यटकों को देश वापस ले आने का कार्य शुरू हो गया है। रविवार को सोनौली सीमा से करीब 44 सौ पर्यटकों को वापस लाया गया। ये पर्यटक भैरहवा-नवलपरासी व बुटवल काठमांडू मार्ग पर फंसे हुए थे। भारतीय प्रशासन की मदद से काठमांडू में फंसे यात्रियों को वापस लाने का प्रयास युद्ध स्तर पर किया जा रहा है।
सुबह सात बजे से ही सोनौली सीमा से भारतीय पर्यटकों का नेपाल से वापस आने का सिलसिला शुरू हो गया। तीन बजे तक विभिन्न वाहनों से गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र व झारखंड के करीब 44 सौ पर्यटक प्रशासन की निगरानी में भारत वापस आये।
फिर से भूकंप की आशंका को देखते हुए नरायणघाट, मु¨ग्लग व पोखरा आदि क्षेत्रों में फंसी पर्यटक बसों को वापस लाया गया है। भारत वापस आ रहे यात्रियों को भारतीय परिवहन निगम ने राहत देते हुए अपनी बसों को नेपाल के बेलहिया स्थित भंसार कार्यालय के पास से यात्रियों को बैठाने का निर्णय लिया है। सोनौली रोडवेज बस स्टैंड से बसें अब एक विशेष वार्ता के तहत नेपाल के बेलहिया भंसार तक जाकर साधन विहीन यात्रियों को उनके गंतव्य स्थान तक ले जाने में जुटेंगी।