भारत देश के 2,080 अति अमीर लोगों की सूची जारी
देश में बेहद अमीर लोगों का कुनबा 2080 का हो गया है। ये अल्ट्रा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल (यूएचएनडब्ल्यू) की श्रेणी में आते हैं। 2014 से इनकी संख्या में तीन फीसद की बढ़ोतरी हुई है।
नई दिल्ली। देश में बेहद अमीर लोगों का कुनबा 2080 का हो गया है। ये अल्ट्रा हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल (यूएचएनडब्ल्यू) की श्रेणी में आते हैं। 2014 से इनकी संख्या में तीन फीसद की बढ़ोतरी हुई है। क्रेडिट सुइस ग्लोबल वेल्थ रिपोर्ट में यह बात कही गई है। इस कुनबे में वही शामिल हैं, जिनके पास पांच करोड़ डॉलर (लगभग 325 करोड़ रुपये) से ज्यादा की संपत्ति है।
इस रिपोर्ट के अनुसार दस लाख डॉलर (तकरीबन 6.5 करोड़ रुपये) की संपत्ति वाले अमीरों की संख्या पांच साल में 65 फीसद बढ़कर 3,05,000 हो जाने की उम्मीद है। अभी इनकी संख्या 1,85,000 है। ग्लोबल वित्तीय संकट का समय छोड़ दें तो 2000 से भारत में लोगों की दौलत में तेज बढ़ोतरी हुई है।
क्रेडिट सुइस के अनुसार 940 लोग ऐसे हैं जिनके पास दस करोड़ डॉलर (लगभग 650 करोड़ रुपये) की संपत्ति है। भारत में दौलत और मध्य वर्ग का आकार तो बढ़ रहा है, लेकिन विकास के इस क्रम में सबकी हिस्सेदारी बराबर नहीं है। अब भी बहुत गरीबी है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दौलत के मामले में अमेरिका, चीन और जापान सबसे ऊपर हैं। प्रति वयस्क दौलत के आधार पर स्विट्जरलैंड अव्वल है। इसके बाद न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया का नंबर आता है। रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में यूएचएनडब्ल्यू की आबादी 1,23,800 है।