महाराष्ट्र को कोई बांट नहीं सकता: मोदी
विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के विभाजन और मुंबई को राज्य से अलग किए जाने की किसी संभावना से इन्कार किया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस-राकांपा के 15 साल के पापों को धोने का यह सही समय है। उन्होंने भाजपा द्वारा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने का दावा भी किया।
धुले। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के विभाजन और मुंबई को राज्य से अलग किए जाने की किसी संभावना से इन्कार किया है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस-राकांपा के 15 साल के पापों को धोने का यह सही समय है। उन्होंने भाजपा द्वारा चुनाव में स्पष्ट बहुमत हासिल करने का दावा भी किया।
महाराष्ट्र के धुले में मंगलवार को आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पिछले 10 वर्षो से प्याज और कपास की कीमतों को लेकर झूठ फैलाया है। अब वे एक नया झूठ फैलाने में लगे हुए हैं। वे कह रहे हैं कि महाराष्ट्र का विभाजन कर दिया जाएगा? क्या इस देश में कोई पैदा हुआ है, जो शिवाजी की धरती को बांट सके? मोदी ने विश्वास दिलाया कि जबतक वे दिल्ली में हैं, दुनिया की कोई ताकत महाराष्ट्र को बांट नहीं सकती और मुंबई को इससे अलग नहीं कर सकती है।
मोदी ने हालांकि आज के अपने भाषण में कांग्रेस पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। लेकिन सोमवार को शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि वह विकास के नाम पर राज्य विभाजन की योजना बना रही है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कांग्रेस को किसानों का हत्यारा बताते हुए इस चुनाव में उसे सबक सिखाने का आह्वान किया। राहुल गांधी पर तंज कसते हुए मोदी ने कहा कि उन्हें किसी गरीब के हिस्से की रोटी खाकर फोटो खिंचवाने की जरूरत नहीं पड़ती है, क्योंकि वे खुद एक गरीब परिवार से आए हैं।
जलगांव में एक अन्य रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस-राकांपा के कार्यकाल में महाराष्ट्र पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबा रहा। अब इनके पापों को धोने का सही समय आ गया है। 15 अक्टूबर का दिन राज्य के लिए 15 सालों के पाप धोने और भ्रष्टाचार को खत्म करने का उत्सव साबित होगा। मोदी ने कहा कि पिछली सरकार ने किसी क्षेत्र को भ्रष्टाचार से अछूता नहीं रखा। राज्य सरकार द्वारा उपेक्षा के शिकार युवाओं को रोजगार के लिए बड़े पैमाने पर शहरों की ओर पलायन करना पड़ा। प्रधानमंत्री बोले, मैं जानता हूं कि गरीबी क्या चीज होती है। किसी को क्या दर्द होता है, जब वह अपनी बीमार मां के लिए दवा नहीं खरीद पाता है।
मेरी इच्छा है कि रोजगार के लिए किसी को अपने बूढ़े मां-बाप और गांव को छोड़कर बाहर न जाना पड़े। प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी सरकार जनता के प्रति प्रतिबद्ध है। हम छोटे लोगों के लिए बड़ा काम करना चाहते हैं।
रैलियों की भीड़ बता रही हवा का रुख:
महाराष्ट्र की चुनावी रैलियों में उमड़ रही भीड़ से उत्साहित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि इससे हवा के रुख का पता चल रहा है।
मोदी ने ट्वीट किया कि 15 अक्टूबर को लोग 15 साल के कुशासन और भ्रष्टाचार को खारिज कर देंगे। मोदी ने लिखा है कि हार से भयभीत कांग्रेस और राकांपा को झूठा प्रचार बंद कर देना चाहिए।
पढ़ें: गठबंधन टूटने के बाद शिवसेना का भाजपा पर सबसे तीखा प्रहार