दुष्कर्म के बाद 15 महिलाओं की हत्या करने वाला गिरोह हत्थे चढ़ा
शिवा देवनाथ [मिडडे], मुंबई। गढ़चिरौली जिले की पुलिस ने ग्रामीण लड़कियों और महिलाओं को अगवा कर उनसे दु
शिवा देवनाथ [मिडडे], मुंबई। गढ़चिरौली जिले की पुलिस ने ग्रामीण लड़कियों और महिलाओं को अगवा कर उनसे दुष्कर्म करने और बाद में उनकी हत्या कर देने वाले गिरोह को पकड़ा है। इस पांच सदस्यीय गिरोह में जंगल का सुरक्षा गार्ड भी शामिल है। यह गिरोह अब तक 15 से ज्यादा महिलाओं की दुष्कर्म के बाद हत्या कर चुका है।
नक्सल प्रभावित इस जिले के अमरागढ़ तालुका के अहीरी पुलिस थाने ने इस गिरोह को पकड़ा है। अहीरी इलाके में ही सक्रिय आरोपियों ने कबूल किया कि वे अब तक 15 से अधिक महिलाओं की दुष्कर्म के बाद उनकी हत्या कर चुके हैं। वे सड़क से गुजरने वाली लड़कियों और महिलाओं को निशाना बनाते थे। वे बहाने से पास पहुंचते थे और कहते थे कि वह खतरनाक सड़क पर चल रही है और फिर दूसरे सुरक्षित रास्ते पर जाने को कहते थे, जहां उनके साथी पहले से ही इंतजार कर रहे होते थे।
अहीरी पुलिस थाने के पुलिस इंस्पेक्टर ने बताया, 'पिछले हफ्ते हमें जंगल में गश्त के दौरान एक शव पड़ा दिखा। यह एक महिला का शव था, जिसकी पहचान संगीता के रूप में हुई। इसके बाद हमने उस इलाके की जांच की। यह वह क्षेत्र था, जहां जंगल के अधिकारियों और सुरक्षा गार्डो को छोड़कर अन्य कोई नहीं जा सकता था।' नाम सार्वजनिक न करने की शर्त पर इंस्पेक्टर ने बताया, 'हमने जंगल के सुरक्षा गार्ड मजोज शार्मिके को बुलाया और शव के बारे में पूछताछ की। शुरू में उसने कुछ नहीं बताया लेकिन जब हम उसे थाने ले गए तो वहां उसने सब कुछ उगल दिया।'