हे भगवान देश को बचाएं ऐसे मॉडल से : सोनिया
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के गुजरात को स्वर्ग बना देने दावे को उनके ही राज्य में चुनौती दी और कहा कि यह राज्य कहीं से भी स्वर्ग नजर नहीं आ रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि मोदी देश के लिए नहीं केवल अपनी कुर्सी के लिए चिंतित हैं।
अहमदाबाद [शत्रुघ्न शर्मा]। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के गुजरात को स्वर्ग बना देने दावे को उनके ही राज्य में चुनौती दी और कहा कि यह राज्य कहीं से भी स्वर्ग नजर नहीं आ रहा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि मोदी देश के लिए नहीं केवल अपनी कुर्सी के लिए चिंतित हैं।
गुजरात के वलसाड़ और पाटन की चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए सोनिया ने लोगों से आरएसएस-भाजपा की विभाजनकारी विचारधारा को खारिज करने को कहा क्योंकि यह देश के लिए खराब है। उन्होंने कहा कि वे लोग गंगा-जमुनी तहजीब यानी मिश्रित संस्कृति में भरोसा नहीं करते। भाजपा नेता दावा करते हैं कि वह देश को स्वर्ग में बदल देंगे। संप्रग अध्यक्ष ने सवाल किया कि क्या गुजरात में स्वर्ग है क्या? देश को एक दिन में नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए एक सही सोच, पक्का इरादा और दूरदर्शिता होनी चाहिए। कांग्रेस के पास ये गुण हैं और आज जो भारत है उसे कांग्रेस ने ही बनाया है। मोदी के गुजरात के विकास मॉडल पर प्रहार करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि हे भगवान देश को बचाएं ऐसे मॉडल से जहां, पांच साल कम उम्र का हर दूसरा बच्चा कुपोषित है, महिलाएं सुरक्षित नहीं, 11 रुपये कमाने वाला गरीब नहीं, किसानों को पानी व बिजली नहीं और युवाओं के लिए रोजगार नहीं है। गुजरात सरकार पर 1.75 लाख करोड़ रुपये का कर्ज है। सोनिया ने कहा मोदी की रुचि केवल सत्ता में है। वह गरीबों के कल्याण के लिए इच्छुक नहीं हैं। भ्रष्टाचार के मामले पर भी निशाना साधते हुए कहा कि गुजरात में पिछले दस साल में लोकायुक्त की नियुक्ति नहीं हुई है। भाजपा ने भ्रष्टाचार की सारी हदें तोड़ दी हैं। वे लोग कांग्रेस पर भ्रष्टाचार का आधारहीन आरोप लगाते हैं। कांग्रेस ने ही सूचना का अधिकार कानून बनाया। जो भी भ्रष्टाचार में लिप्त मिला उसके खिलाफ हमने कार्रवाई की।
सोनिया ने कहा कि गुजरात में किसानों की जमीनें छीनकर उद्यमियों को बांटने वाले देश के किसानों को विकास के सपने दिखा रहे हैं। मोदी आजकल संसद से भ्रष्टाचारियों को बाहर करने की दुहाई दे रहे हैं लेकिन कोई उनसे पूछे की उनके खुद के मंत्रिमंडल में शामिल अपराधी व भ्रष्ट नेताओं के खिलाफ क्या कार्यवाही की है? कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजरुंन मोढवाडिया ने कहा कि मोदी राज में 17 सौदों में एक लाख करोड़ से अधिक का भ्रष्टाचार हुआ है।
'गरीबी व कुपोषण पर मां-बेटे झूठ बोल रहे हैं। गुजरात से ज्यादा कुपोषण देश के अन्य राज्यों में है। 11 रुपये कमाने वाले को गरीब नहीं मानने वाला मापदंड खुद केंद्र सरकार का बनाया हुआ है। मैं इस मुद्दे पर उन्हें खुली बहस की चुनौती देता हूं।'- नरेंद्र मोदी का सोनिया को जवाब