किसी भी परिस्थिति में मोदी ही बनेंगे पीएम: राजनाथ
भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को स्पष्ट किया कि अगर केंद्र में राजग सरकार बनी तब केवल नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे।
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने रविवार को स्पष्ट किया कि अगर केंद्र में राजग सरकार बनती है तो केवल नरेंद्र मोदी ही प्रधानमंत्री बनेंगे। उन्होंने साफ किया कि 'किसी भी परिस्थिति में मोदी ही राजग सरकार में प्रधानमंत्री बनेंगे।' भाजपा नेता का यह बयान उस सवाल के जवाब में आया जिसमें उनसे पूछा गया था कि अगर राजग बहुमत से पीछे रह गई और नये सहयोगियों ने मोदी से इतर दूसरे नेता पर जोर दिया तब पार्टी का क्या रूख होगा।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ' देश केवल कानून के आधार पर ही नहीं बल्कि ऐसे नेता से चलता है जिनका नैतिक बल होता है। केवल वही व्यक्ति जिसे प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार या मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया जाता है, उसके पास ही वह नैतिक बल होता है।'
उन्होंने मोदी के 'गोल टोपी' [स्कल कैप] पहनने से इंकार करने से जुड़े विषय को 'गैर जरूरी विवाद' बताकर खारिज कर दिया।' राजनाथ ने कहा, 'यह गैर जरूरी विषय को राजनीतिक प्रतिद्वन्दि्वयों द्वारा अनावश्यक रूप से तूल देने का प्रयास है । मैं धोती कुर्ता पहनता हूं, मोदी कुर्ता पायजामा पहनते हैं, आप शर्ट पैंट पहनते हैं। क्या यह कोई मुद्दा है? वे प्रतिद्वन्द्वी देश का सांप्रदायिकरण करना चाहते हैं।'
उन्होंने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार द्वारा किसी भी विशेष समुदाय से वोट मांगने की अपील करने से इंकार करने के बयान का समर्थन किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ' किसी भी जाति, धर्म या सम्प्रदाय से किसी विशेष रूप में वोट के लिए अपील नहीं की जानी चाहिए। प्रत्येक व्यक्ति को अपने मताधिकार का उपयोग करने की स्वतंत्रता है और यह स्वतंत्र रूप से होना चाहिए। हम समाज के सभी वर्ग के लोगों से बिना किसी भेदभाव के अपील करते हैं।' मुसलमानों की चिंताओं के बारे में एक सवाल के जवाब में सिंह ने कहा, ' हम धीरे धीरे आशंकाओं को दूर कर रहे हैं.. बातचीत के जरिये यह भय दूर होगा।'
यह पूछे जाने पर कि क्या मोदी मुस्लिम नेताओे के साथ बातचीत करेंगे, भाजपा अध्यक्ष ने केवल इतना कहा, 'बातचीत चलती रहती है। मोदी जी भी उनसे बातचीत करते हैं। आपने देखा होगा कि मुसलमान अब मोदी का समर्थन कर रहे हैं।' उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम समुदाय के लोग अब गुजरात में अधिक सुरक्षित महसूस करते हैं और उनकी प्रति व्यक्ति आय देश में अन्य इलाकों से बेहतर हुई है।
राजनाथ ने कहा, 'धीरे धीरे मुसलमानों तक यह संदेश पहुंच रहा है कि यह कांग्रेस और अन्य तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दलों का सुनियोजित दुष्प्रचार था। वे मोदी और भाजपा के करीब आना जारी रखेंगे और भय की भ्रांति समाप्त होगी।' यह पूछे जाने पर कि क्या मोदी को साल 2002 के दंगों पर माफी मांगना चाहिए, राजनाथ ने सवाल किया, 'अधिकांश दंगे कांग्रेस के शासनकाल में हुए। क्या उन्होंने माफी मांगी?'
भाजपा ही करेगी देश के सम्मान की रक्षा
हाथरस [जासं]। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने सपा, बसपा व कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनसे उत्तर प्रदेश की सुरक्षा संभाली नहीं जाती तो देश की सुरक्षा कैसे करेंगे? उन्होंने दावा किया कि भाजपा ही देश के सम्मान व स्वाभिमान के लिए लड़ सकती है। भाजपा सत्ता में आएगी तो डेढ़ सौ दिनों में कालाधन वापस लाया जाएगा। प्रदेश के हाथरस जिले में आयोजित जनसभा में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने मोदी को विकास पुरुष बताया।
सिकंदराराऊ के पालिका मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आए राजनाथ सिंह ने कहा कि पाकिस्तानी भारत की सीमा में घुसकर जवानों का सिर कलम कर जश्न मनाते हैं और कांग्रेस आंखें मूंदे बैठी रहती है। मोदी प्रधानमंत्री बने तो कोई भी भारत की तरफ आंख उठाकर नहीं देख सकेगा। सभा में उमड़ी भीड़ से गद्गद राजनाथ ने कहा कि यह चुनाव मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए नहीं बल्कि देश को बचाने के लिए हो रहा है। कांग्रेस ने साढ़े पांच दशक के शासन में महंगाई, भ्रष्टाचार, घोटालों से सजी सरकार दी है। इस सरकार का समर्थन करने वाली सपा और बसपा भी इसमें भागीदार हैं। उन्होंने कहा कि छह साल तक केंद्र में वाजपेयी सरकार रही और कल्याण सिंह कई बार प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। लेकिन इन दोनों पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा। अगले विधानसभा चुनाव में यहां फिर भाजपा आएगी और जनता को सपा, बसपा की राजनीति से छुटकारा मिलेगा।
पढ़ें: जोशी का कद बता गए मोदी, दूसरे दलों के भी हौसले हो गए पस्त