आपकी सैलरी से टीडीएस कटने की जानकारी अब एसएमएस से मिलेगी
नौकरीपेशा लोगों के लिए सीबीडीटी ने एक नई सुविधा की शुरुआत की है। केंद्रीय प्रत्यीक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की इस नई सुविधा के जरिए अब कर्मचारियों को उनकी सैलरी से टीडीएस कटने की जानकारी एसएमएस के जरिए मिला करेगी।
नई दिल्ली: नौकरीपेशा लोगों के लिए सीबीडीटी ने एक नई सुविधा की शुरुआत की है। केंद्रीय प्रत्यीक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की इस नई सुविधा के जरिए अब कर्मचारियों को उनकी सैलरी से टीडीएस कटने की जानकारी एसएमएस के जरिए मिला करेगी। बीते सोमवार को केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने सीबीडीटी कार्यालय पर इस सुविधा की शुरुआत की।
जेटली ने कहा, “अब करदाताओं को फायदा होगा क्योंकि वो तकनीक के इस्तेमाल का फायदा उठा पाएंगे। अब वो अपनी सैलरी स्लिप और एसएमएस पर आई जानकारी का मिलान कर पाएंगे। वित्त वर्ष के आखिर में उनके पास किसी भी संभव कर से जुड़ी बकाया राशि के बारे में जानकारी होगी।”
हर तीसरे महीने कर्मचारियों को मिलेगी जानकारी:
अब जल्द ही कर्मचारियों को एसएमएस के जरिए उनकी सैलरी से टीडीएस कटने की जानकारी मिला करेगी। यह सूचना हर तीसरे महीने केंद्रीय प्रत्य क्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) की तरफ से दी जाएगी। अक्सर ऐसा होता है कि एंप्लॉयर कर्मचारियों की टैक्स देनदारी से ज्यादा पैसे काट लेता है। इस बात की जानकारी आपको तब मिलती है जब आप आईटीआर फाइलिंग करते हैं।
कई बार ऐसा देखा जाता है कि कंपनियां अपने कर्मचारियों की सैलरी से टीडीएस काट तो लेती हैं लेकिन वो उसे जमा नहीं करती हैं। ऐसे ही एक मामले में किंगफिशर के कर्मचारियों को डिफॉल्टंर घोषित कर दिया गया था। किंगफिशर के कर्मचारियों की सैलरी से काटे गए टीडीएस जमा नहीं करवाए गए थे। लेकिन अब से कर्मचारियों को इस बात की जानकारी हर तिमाही मिलती रहेगी कि उनकी सैलरी से कितना टीडीएस काटा गया है।