जन धन खातों में 14 दिनों के भीतर जमा हुए 27 हजार करोड़ रूपए
केंद्र सरकार के नोटबंदी के ऐलान के बाद 14 दिनों में जन धन खातों में जमा राशि में तकरीबन 27,200 करोड़ रूपए की वृद्धि हुई है
नई दिल्ली। केंद्र सरकार के नोटबंदी के ऐलान के बाद 14 दिनों में जन धन खातों में जमा राशि में तकरीबन 27,200 करोड़ रूपए की वृद्धि हुई है। करीब 25 करोड़ 68 लाख जन धन खातों में कुल जमा राशि 70 हजार करोड़ रूपए के आंकड़े को पार कर चुकी है। आपको बता दें कि 23 नवंबर को यह आंकड़ा 72,834.72 करोड़ रूपए था। 9 नवंबर 2016 को इन खातों में 45,636.61 करोड़ रूपए जमा थे। प्रधानमंत्री मोदी की ओर से 8 नवंबर को नोटबंदी की घोषणा के बाद जन धन खातों में 27,198 करोड़ रूपए जमा हुए हैं। गौरतलब है कि 25 करोड़ 68 लाख जन धन खातों में से 22.94 प्रतिशत खातों में अब भी एक रूपया नहीं है।
पश्चिम बंगाल के वित्त मंत्री अमित मित्रा का कहना है कि सरकार के 500, 1,000 रुपये के नोट को अमान्य करने के फैसले से गरीबों को काफी परेशानी हुई है। इससे आने वाली 30 दिसंबर तक अर्थव्यवस्था को 1.28 लाख करोड़ रुपए का नुकसान होने का अनुमान है।
अमित मित्रा ने यह भी कहा, मेरी चिंता इससे आम गरीब व्यक्ति पर पड़ने वाली दोहरी मार को लेकर है। इससे आम आदमी को काफी दिक्क्त हो रही है। इसका कारोबारी गतिविधियों पर भी बुरा प्रभाव पड़ा है। 50 दिन में इससे 1.28 लाख करोड़ रुपए के लेनदेन का नुकसान होने का अनुमान है। इससे छोटे, मध्यम और यहां तक कि बड़े कारोबार भी कमजोर पडेंगे।