भारत दुनिया के लिए अहम, लेकिन अभी और बेहतरी की जरूरत: जेटली
भारतीय संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि दुनिया में आज भारत का महत्वपूर्ण स्थान है, लेकिन ऐसे विपरीत माहौल में बेहतर करने की आकांक्षा पहले से और अधिक है।
नई दिल्ली: भारतीय संवाददाताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि दुनिया में आज भारत का महत्वपूर्ण स्थान है, लेकिन ऐसे विपरीत माहौल में बेहतर करने की आकांक्षा पहले से और अधिक है। जेटली ने आगाह करते हुए कहा कि उनके स्वयं के मानदंडों के हिसाब से देश की मौजूदा वृद्धि पर्याप्त नहीं है। गौरतलब है कि अरुण जेटली अमेरिका में उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष और विश्वबैंक की बैठक में हिस्सा लेने आए हुए हैं।
जेटली ने कहा, “पहले के मुकाबले हम कहीं अधिक महत्वपूर्ण स्थान पर हैं। हालांकि इसमें मेरी थोड़ी आपत्ति है। ऐसा इसलिए क्योंकि भारत पहले से कहीं अधिक महत्वकांक्षा वाला देश बन गया है। इसीलिए दुनिया के शेष हिस्सों से तुलना करने पर, हम जरूर अच्छा कर रहे हैं, मगर खुद के मानदंडों से तुलना करने पर हमारे लिए यह पर्याप्त नहीं है। हम अभी और भी अच्छा कर सकते हैं लेकिन इसका यह मतलब नहीं है कि चीजें खराब हैं। बेकरार होना, उत्सुक होना, बेहतर करने की चाहत का संकेत है।”
उन्होंने कहा कि दुनिया के बाकी देशों के लिए जहां हम प्रतिकूल माहौल में बेहतर करने की आकांक्षा रखते हैं, वो हमारे प्रदर्शन को अत्यंत प्रभावी मानते हैं और इसीलिए भारत की दुनियाभर में चर्चा हो रही है। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष तथा विश्वबैंक के ताजा अनुमान के अनुसार भारत की वृद्धि दर अगले दो साल में 7.6 प्रतिशत रहेगी। यह उसे उभरती अर्थव्यवस्था में दुनिया की तीव्र वृद्धि वाले देश की श्रेणी में रखता है।