यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 01, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
दलाल स्ट्रीट में दिवाली धमाका
दिवाली से पहले दलाल स्ट्रीट में नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बैंक और ऑटो शेयरों की अगुवाई में त्योहारी धमाके ...और पढ़ें

मुंबई। दिवाली से पहले दलाल स्ट्रीट में नए-नए रिकॉर्ड बन रहे हैं। बैंक और ऑटो शेयरों की अगुवाई में त्योहारी धमाके से बंबई शेयर बाजार [बीएसई] का सेंसेक्स हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को अब तक के सबसे उच्च स्तर 21293.88 अंक पर पहुंच गया। यह विक्रम संवत 2069 का भी आखिरी दिन था। इससे पहले 10 जनवरी, 2008 को इसने 21206.77 अंक का सबसे ऊंचा रिकॉर्ड बनाया था। हालांकि, कारोबार की समाप्ति पर इस दिन सेंसेक्स 32.29 अंक चढ़कर 21196.81 अंक पर बंद हुआ। यह भी इसकी नई ऊंचाई है। एक दिन पहले गुरुवार को ही यह 21164.52 अंक की रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ था।
इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज [एनएसई] का निफ्टी 8.05 अंक उछलकर 6307.20 अंक पर बंद हुआ। गुरुवार को यह 6299.15 अंक पर रहा था। दलाल स्ट्रीट में त्योहारी तेजी का शुक्रवार को चौथा दिन था। पिछले तीन सत्रों में सेंसेक्स 594.24 अंक ऊपर चढ़ चुका है। दिवाली के दिन रविवार को बीएसई और एनएसई में शाम 6.15 बजे से 7.30 बजे तक मुहुर्त ट्रेडिंग होगी।
धनतेरस के मौके पर सिर्फ शेयर बाजार में ही रौनक रही। ऑटो और सराफा बाजार सहित अर्थव्यवस्था के दूसरे हिस्सों पर महंगाई का असर साफ नजर आ रहा है। इन बाजारों की चमक फीकी रही।
शुक्रवार को वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने चालू खाते का घाटा और राजकोषीय घाटा को लक्ष्य के भीतर ही रखने का फिर से भरोसा दिलाया। साथ ही बेहतर मानसून से अर्थव्यवस्था की सुस्ती दूर होने की उम्मीद जगाई। इससे निवेशकों में जोश भर गया। भारतीय बाजार को लेकर विदेशी निवेशक खासे उत्साहित हैं। इन सकारात्मक संकेतों के मिलते ही उन्होंने लिवाली पर जोर बढ़ा दिया। इस वजह से सेंसेक्स दिन के कारोबार में अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। नीचे में यह 21141.32 अंक तक गया।
इस दिन एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल, तेल व गैस, आइटी और तकनीकी सूचकांक को छोड़कर बाकी सभी क्षेत्रीय सूचकांक बढ़त पर रहे। सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयर फायदे में और 10 के घाटे में रहे।