एसबीआई प्रमुख बनीं रहेंगी अरुंधती भट्टाचार्या, मिला एक साल का सेवा विस्तार
एसबीआई प्रमुख अरुंधती भट्टाचार्या को एक साल का सेवा विस्तार मिल गया है। अरुंधती अब अक्टूबर 2017 तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुखिया बनीं रहेंगी।
नई दिल्ली: एसबीआई प्रमुख अरुंधती भट्टाचार्या को एक साल का सेवा विस्तार मिल गया है। अरुंधती अब अक्टूबर 2017 तक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की मुखिया बनीं रहेंगी। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को यह घोषणा की। आपको बता दें कि भट्टाचार्या का कार्यकाल अगले हफ्ते खत्म हो रहा है।
सरकार ने देश के सबसे बड़े बैंक में शीर्ष पद पर निरंतरता को तरजीह दी है। सरकार का यह कदम ऐसे समय में और महत्वपूर्ण हो जाता है जब एसबीआई अपने सहयोगी बैंकों के खुद में विलय की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। सरकार अब एसबीआई प्रमुख के कार्यकाल को 5 साल करने का विचार कर रही है। गौरतलब है कि मौजूदा समय में एसबीआई प्रमुख का कार्यकाल तीन साल का है।
फॉर्च्यून की शक्तिशाली महिलाओं की सूची में स्थान बना चुकी हैं अरुंधती भट्टाचार्या:
फॉर्च्यून की ओर से हाल ही में जारी की गई विश्व (अमेरिका से बाहर की) की 50 सबसे शक्तिशाली महिलाओं की सूची में तीन भारतीय महिलाओं को जगह मिली है। इस सूची में भारत की शीर्ष महिला बैंकर एसबीआई प्रमुख अरुंधति भट्टाचार्य, आईसीआईसीआई बैंक प्रमुख चंदा कोचर और एक्सिस बैंक की मुख्य कार्यकारी शिखा शर्मा शामिल हैं। फॉर्च्यून ने बताया कि अरुंधति भट्टाचार्य का दर्जा भारत के सबसे बड़े बैंक के प्रमुख के तौर पर तीन साल के कार्यकाल के दौरान बढ़ा।