झटपट छिल जाएंगे आपके लहसुुन जब आजमाएंगे ये तरीके
हम आपको ऐसे तरीके बता रहे हैं जिनसे लहसुन पांच मिनट में ही छिल जाएंगे और उंगलियों का इस्तेमाल भी ज्यादा नहीं होगा।
मौजूदा समय में लोगों के पास काम ज्यादा हो गया है और समय कम, इसलिए समझदारी दिखाने में ही भलाई है। ऐसे कई तरीके हैं जिनसे आप अपने काम को कम समय में और आसानी से कर सकते हैं। जैसे कि किचन के एक छोटे से काम लहसुुन छिलने को ही ले लीजिए, हालांकि सिर्फ कहने को ये छोटा काम है मगर करने में नानी याद आ जाती है। उस पर से हाथों में अजीब गंध रह जाती है वो अलग।
कई बार ऐसा भी होता है कि किचन में काम करते हुए महिलाएं घर में किसी को भी लहसुन छिलने का काम दे देती हैं या फिर कोई मदद करने के लिए खुद ही आगे आ जाता है। तो चलिए अब से आपको ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ेगा, हम आपको ऐसे तरीके बता रहे हैं जिनसे लहसुन पांच मिनट में ही छिल जाएंगे और उंगलियों का इस्तेमाल भी ज्यादा नहीं होगा।
1- एक कटोरी में पानी भर लें और लहसुन की कलियों को उसमें डुबो दें। एक घंटे बाद इन कलियों को स्लैब पर रखकर सिर्फ हल्के से दबा दीजिए। लहुसुन का छिलका खुद ब खुद साफ हो जाएगा।
2- चाकू की मदद से लहसुन का ऊपरी हिस्सा काट लीजिए। इससे लहसुन का छिलका जल्दी साफ हो जाएगा। अगर लहसुन को काटकर डालना है तो पहले ही काट लीजिए। काटने के बाद लहसुन का छिलका आसानी से उतर जाता है।
3- यह भी एक बेहतर तरीका है। लहसुन की सभी कलियों को 30 सेकंड के लिए माइक्रोवेव में डाल दीजिए। जब आप इसे माइक्रोवेव से निकालेंगी तो इसका छिलका रोस्ट हो चुका होगा और बहुत आसानी से उतर जाएगा।
4- अगर आपके पास माइक्रोवेव नहीं है तो आप लहसुन के छिलकों को कड़ाही या फिर तवे पर भी गर्म कर सकती हैं। इसके बाद इनका छिलका आराम से उतर जाएगा।
5- किसी डिब्बे में लहसुन की कलियों को डालकर जोर-जोर से एक या दो मिनट तक हिला लीजिए। ऐसा करने से ज्यादातर छिलके तो खुद ही उतर जाएंगे और जो कुछ बचेंगे उन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- घर के काम में चाहिए पति का साथ तो आजमाइए ये तरीके