मुंबई में इमारत ढही, छह बच्चों की मौत
मुंबई के उपनगर बांद्रा में एक इमारत ढहने से तीन दुधमुंहों सहित छह बच्चों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। इस पांच मंजिला इमारत को कई नियमों को ताक पर रख कर बनाया गया था।
मुंबई, प्रेट्र। मुंबई के उपनगर बांद्रा में एक इमारत ढहने से तीन दुधमुंहों सहित छह बच्चों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। इस पांच मंजिला इमारत को कई नियमों को ताक पर रख कर बनाया गया था।
फायर ब्रिगेड के सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि इमारत मुंबई के बांद्रा ईस्ट के नेशनल स्कूल के पास अनंत कानेकर मार्ग बेहरामपाड़ा पर स्थित थी। दोपहर को हुए इस हादसे से इलाके के आसपास के लोगों में भी दहशत हो गई। मलबा हटाने का काम अभी भी जारी है। घायलों को बांद्रा स्थित भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। छह बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया था। इनके नाम हैं- आएशा अकबर खान (12 वर्ष), अली निसार अहमद खान (3), ओसामा निसार खान (14), अफीफा सदब (एक), रसुदा निसार अहमद खान (16) और अरीबी निसार खान (2)।
बताया जाता है कि मकान का एक हिस्सा गलत तरीके से बनाया गया था। इसलिए यह इमारत चौथी मंजिल से एक मंजिल के बीच ढहकर मलबे का ढेर बन गई। हादसा होते ही घटनास्थल पर पांच फायरब्रिगेड वाहनों, एक राहत वैन और दो एंबुलेंस को भेजा गया। बचाव दल ने 11 लोगों को मलबे के अंदर से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटनास्थल पर एनडीआरएफ की एक टीम को भी तैनात किया गया है। बीएमसी अधिकारियों का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों की तलाश और बचाव का अभियान जारी है।