संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश केतकर नहीं रहे
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश केतकर का शनिवार को लातूर में निधन हो गया। 84 वर्षीय केतर पर्किंसन की बीमारी से पीड़ित थे।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक सुरेश केतकर का शनिवार को लातूर में निधन हो गया। 84 वर्षीय केतर पर्किंसन की बीमारी से पीड़ित थे।
केतकर के निधन पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए संघ प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि हमने एक आदर्श खो दिया है। केतकर को नजदीक से जाननेवालों का कहना है कि उन्होंने बचपन से ही संघ की शाखाओं में जाना शुरू कर दिया था। संघ के प्रचारक के रूप में केतकर को महाराष्ट्र के कोल्हापुर-सांगली जैसे क्षेत्र का दायित्व दिया गया, जहां कांग्रेस की जड़ें बहुत गहरी एवं संघ बहुत कमजोर स्थिति में था। उनकी मेहनत का ही प्रतिफल है कि करीब छह माह पहले सांगली-कोल्हापुर में हुए संघ के एक कार्यक्रम में एक लाख स्वयंसेवक जुटे।
केतकर एक अच्छे वक्ता के रूप में तो जाने ही जाते थे, संघ के स्वयंसेवकों को खेलकूद की ओर प्रोत्साहित करने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। यही कारण है कि वह संघ के आनुषंगिक संगठनों संस्कार भारती, क्रीड़ा भारती, भारतीय मजदूर संघ एवं भारतीय किसान यूनियन आदि के भी प्रभारी रहे।