पुलिस ने खारिज की संदिग्धों की गिरफ्तारी की अफवाह
पुलिस ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के उरण में नौसैनिक अड्डे के नजदीक देखे गए संदिग्ध हथियारबंद लोगों की गिरफ्तारी की खबर को झूठा बताया है। पुलिस ने शनिवार को लोगों से कहा है कि संदिग्धों की तलाश के संबंध में अफवाह नहीं फैलाएं।
मुंबई, प्रेट्र। पुलिस ने महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के उरण में नौसैनिक अड्डे के नजदीक देखे गए संदिग्ध हथियारबंद लोगों की गिरफ्तारी की खबर को झूठा बताया है। पुलिस ने शनिवार को लोगों से कहा है कि संदिग्धों की तलाश के संबंध में अफवाह नहीं फैलाएं।
संदिग्ध लोगों की तलाशी का अभियान शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। इलाके में एनएसजी के कमांडो अब भी तैनात हैं। हालांकि अभियान में शामिल पुलिस कर्मियों की संख्या कम कर दी गई है।
नवी मुंबई के पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले के मुताबिक, उरण अभियान जारी है लेकिन अब तक इसमें सफलता नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि शनिवार दोपहर गवहान गांव में पनवेल पुलिस द्वारा तीन संदिग्धों को गिरफ्तार करने की सूचना पूरी तरह गलत है।
एक अन्य अधिकारी ने बताया कि सोशल मीडिया में इस संबंध जिन लोगों के फोटो जारी किए गए हैं, उनकी पहचान श्रमिक के तौर पर की गई है। इस बीच मुंबई के नजदीक इस इलाके में आम जनजीवन सामान्य हो रहा है।