निर्भया को कभी नहीं भूल सकते : प्रियंका चोपड़ा
बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म कांड में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना की है।
मुंबई, प्रेट्र। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने निर्भया सामूहिक दुष्कर्म कांड में सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना की है। फेसबुक पोस्ट में बाजीराव मस्तानी फेम की अभिनेत्री ने कहा कि उन्हें देश की न्याय प्रणाली पर गर्व है। पोस्ट के आखिर में प्रियंका चोपड़ा ने लिखा कि निर्भया को कभी नहीं भुलाया जा सकता है। सुप्रीम कोर्ट ने 16 दिसंबर, 2012 के वसंत विहार सामूहिक दुष्कर्म मामले में पांच मई को चारों दोषियों की फांसी की सजा बरकरार रखी थी। पांचवें अभियुक्त की मौत हो चुकी है, जबकि छठा दोषी नाबालिग है।
निर्भया कांड: गुनहगारों को कभी नहीं हुआ पछतावा, विनय ने किया सबसे अधिका 'ड्रामा'
प्रियंका चोपड़ा ने लिखा, 'न्याय...जिसकी पांच साल पहले देश ने मांग की थी और जिसे कभी भूलने नहीं दिया गया। इस संघर्ष में शामिल हर व्यक्ति की आवाज अनवरत और स्पष्ट थी कि सभी मुजरिमों को हर हाल में दंड मिलना चाहिए। इस अपराध की क्रूरता ऐसी है, जिसे मैं हरगिज स्वीकार नहीं कर सकती। 21वीं सदी के समाज में इस तरह के जघन्य अपराध से मैं खुद को तकलीफ में पाती हूं। दुर्भाग्य से अतीत को बदला नहीं जा सकता है। लिहाजा, हमें इससे आगे बढ़ते हुए खुद से वादा करना चाहिए कि इस तरह के क्रूर और घृणित अपराध के खिलाफ फैली जागृति और संगठित आवाज को कभी बंद नहीं होने दिया जाएगा। निर्भया, आप कभी भुलाई नहीं जाएंगी।'