पांच महिलाओं समेत छह लोगों की हत्या के जुर्म में डॉक्टर गिरफ्तार
महाराष्ट्र में निठारी कांड जैसे एक मामले का खुलासा हो रहा है। यहां सातारा के एक डॉक्टर द्वारा छह लोगों की हत्या करने का मामला सामने आया है।
मुंबई, राज्य ब्यूरो। महाराष्ट्र में निठारी कांड जैसे एक मामले का खुलासा हो रहा है। यहां सातारा के एक डॉक्टर द्वारा छह लोगों की हत्या करने का मामला सामने आया है।
फिल्मों की शूटिंग के लिए मशहूर सातारा के खुबसूरत वाई कस्बे के डॉ. संतोष पोल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उसने पुलिस को बताया कि पिछले कुछ वर्षों में उसने छह लोगों को दवाइयों की भारी खुराक देकर हत्या कर दी है। डॉक्टर ने इनमें से पांच के शव वाई कस्बे से 13 किलोमीटर दूर अपने फार्महाउस में दफना दिए थे, और एक का शव तालाब में फेंक दिया था। सातारा पुलिस ने डॉ. संतोष पोल को पिछले सप्ताह 11 अगस्त को मुंबई के दादर से गिरफ्तार किया गया है। उसे 19 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने कल रात डॉ. पोल के फार्महाउस पर गड़े चार शवों के कंकाल भी बरामद कर लिए है। स्थानीय लोग पुलिस पर दबाव बना रहे हैं कि पिछले कुछ वर्षों में क्षेत्र से गायब हुए कई और लोगों के बारे में भी पोल से पूछताछ करें। पोल पर अंगों की तस्करी का भी शक किया जा रहा है।
डॉ.डेथ के नाम से बुलाए जा रहे पोल के कारनामों की पोल एक आंगनबाड़ी कर्मचारी मंगला जेधे के गायब होने के बाद खुली। पुलिस सूत्रों के अनुसार 42 वर्षीय डॉ. पोल का 47 वर्षीय मंगला से इश्क चल रहा था। डॉ. का मंगला के अलावा अपनी एक नर्स ज्योति मांद्रे से भी इश्क चल रहा था। जून में मंगला जेधे डॉ. पोल से मिलने आई और उससे खूब झगड़ा करने के बाद अपनी बेटी के पास पुणे जाने के लिए निकली। लेकिन पुणे पहुंची नहीं और रास्ते से ही गायब हो गई। मंगला के गायब होने की शिकायत उसके संगठन के लोगों ने पुलिस में दर्ज कराई थी।
सातारा के एस.पी. संदीप पाटिल के पुलिस ने पहले डॉ. पोल की नर्स ज्योति मांद्रे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। ज्योति से ही पोल के मुंबई में होने की बात पता चली। तब पुलिस ने मुंबई के दादर इलाके से पिछले सप्ताह डॉ. पोल को गिरफ्तार किया। पोल ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी नर्स के साथ मिलकर वाई के बस अड्डे से मंगला का अपहरण कर अपने फार्महाउस पर उसकी हत्या कर दी थी। फिर वहीं एक कोने में उसे दफना दिया था। पूछताछ में पोल ने 2003 से अब तक पांच अन्य लोगों सलमा शेख, जगाबाई पोल, सुरेखा चिकणे, वनिता गायकवाड़ एवं नथमल भंडारी की भी हत्या का अपराध स्वीकार कर लिया । इनमें गायकवाड़ को छोड़ शेष सभी के शव पोल ने अपने फार्म हाउस पर ही दफना दिए थे।