उत्तर प्रदेश के कर्जमाफी मॉडल का अध्ययन करेंगे मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश का कर्जमाफी मॉडल मंगवाकर महाराष्ट्र के किसानों की कर्जमुक्ति का रास्ता तैयार करेंगे।
मुंबई। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने संकेत दिए हैं कि वह उत्तर प्रदेश का कर्जमाफी मॉडल मंगवाकर सूबे के किसानों की कर्जमुक्ति का रास्ता तैयार करेंगे। राज्य में विरोधी दल मांग कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी किसानों को कर्ज माफी दी जाए।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को विधानमंडल में विपक्ष की इस मांग का जवाब देते हुए कहा, राज्य के किसानों को कर्जमाफी किस प्रकार दी जाए, इस पर सरकार विचार कर रही है। राज्य सरकार पहले ही अपनी भूमिका स्पष्ट कर चुकी है कि वह किसानों के पीछे दृढ़तापूर्वक खड़ी है।
उत्तर प्रदेश में कर्जमाफी की घोषणा के बाद हमने वित्त सचिव को उत्तर प्रदेश से जानकारी मंगवाने के निर्देश दिए हैं। उत्तर प्रदेश की कर्जमाफी का मॉडल क्या है? उसके लिए पैसे कहां से आएंगे, इसकी जानकारी लेने की जरूरत है। इसके बाद ही इस संबंध में कोई निर्णय लिया जा सकेगा।
विपक्ष द्वारा कर्जमाफी न होने की स्थिति में कोर्ट का सहारा लेने की बात की जा रही है। इसका उत्तर देते हुए फड़नवीस ने कहा कि कर्जमाफी राज्य सरकार का विषय है। इसके लिए उच्च न्यायालय को निर्देश देने की जरूरत नहीं है।
फड़नवीस द्वारा उत्तर प्रदेश के कर्जमाफी मॉडल की जानकारी मंगाए जाने की बात पर विपक्ष का कहना है कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए सिर्फ एक लाख रुपये तक का कर्ज माफ करने की घोषणा की है। लेकिन यहां इतने से काम नहीं चलेगा। सरकार को किसानों का पूरा कर्ज माफ करना होगा।
राकांपा नेता अजीत पवार ने मांग की है कि यदि सरकार विधानमंडल के मौजूदा सत्र के दौरान अगले तीन दिन में कर्जमाफी की घोषणा नहीं कर पाती है तो उसे किसानों की समस्या पर चर्चा के लिए विशेष सत्र बुलाना चाहिए।