स्वच्छ शहरों की नगर परिषदों को मिलेंगे 2 करोड़ : फडणवीस
राज्य सरकार की ओर से अब चुने गए स्वच्छ शहरों की नगर परिषदों को 2 करोड़ रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी घोषणा की है।
मुंबई। राज्य सरकार की ओर से अब चुने गए स्वच्छ शहरों की नगर परिषदों को 2 करोड़ रुपए तक की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसकी घोषणा की है।
बुधवार को यशवंतराव चव्हाण प्रतिष्ठान में 2 अक्टूबर 2015 से 26 जनवरी 2016 तक के खुले में शौच से मुक्त और स्वच्छ 35 शहरों के नगराध्यक्ष और मुख्याधिकारियों का सम्मान किया गया। साथ ही खुले में शौच से मुक्त कोल्हापुर महानगर पालिका को भी सम्मानित किया गया।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पुरस्कार प्राप्त नगरपालिकाओं को स्वच्छता के लिए प्रोत्साहन अनुदान देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अ वर्ग की नगर परिषद को 2 करोड़, ब वर्ग की नगर परिषद को 1.50 करोड़, क वर्ग की नगर परिषद को 1 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से पहले चरण में 30 प्रतिशत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बाद अधिकारी जाकर देखेंगे कि मुहैया कराई गई राशि सही तरीके खर्च हुई है या नहीं। यह सुनिश्चित करने पर छह महीने बाद 70 प्रतिशत राशि दे दी जाएगी।
इनको मिला सम्मान
नागपुर की काटोल, मोहपा, रामटेक, उमरेड, महादुला, धुलिया की शिरपुर-वरवडे, अहमदनगर की शिर्डी, जलगांव की फैजपुर, नाशिक की त्रयंबकेश्वर समेत अन्य नगर परिषद को यह पुरस्कार मिला। संपूर्ण रूप से स्चव्छ शहर का पुरस्कार नाशिक की देवलाली और पांचगणी व वेंगुर्ला को मिला। तीनों शहरों को कचरे पर प्रक्रिया करने के कारण यह पुरस्कार दिया गया है।
महिलाओं का दबदबा
खुले में शौच से मुक्त और स्वच्छता के लिए पुरस्कार पाने वाले 36 शहरों में से 23 नगर परिषद के नगराध्यक्ष महिलाएं हैं। इस बात पर खुशी जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घर के बाहर जाकर महिलाएं समाज को दिशा देकर शहरों को स्वच्छ रखने में अपना योगदान दे सकती हैं।
यह बात आज साबित हो गई है।