मुंबई की महापौर ने मोदी को बताया हिटलर
मुंबई की महापौर स्नेहल आंबेकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। कहा कि मोदी के काम करने का तरीका हिटलर जैसा है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक व्यक्ति के हाथ में सत्ता आ जाने पर ऐसा होना लाजिमी है।
मुंबई। मुंबई की महापौर स्नेहल आंबेकर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। कहा कि मोदी के काम करने का तरीका हिटलर जैसा है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति के तौर पर मोदी के काम करने के तरीके का मैं आदर करती हूं। अपनी क्षमता पर उन्हें पूरा विश्वास है, लेकिन कई बार उनका व्यवहार हिटलर की तरह होता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक व्यक्ति के हाथ में सत्ता आ जाने पर ऐसा होना लाजिमी है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा-शिवसेना के रिश्तों में पहले से ही खटास है। ऐसे में शिवसेना नेता आंबेकर का बयान आग में घी का काम कर सकता है। मुंबई की प्रथम दलित व सबसे कम उम्र की महिला महापौर होने का गौरव हासिल करने वाली आंबेकर अक्सर विवादित बयानों के कारण सुर्खियों में रहती हैं।
सीएम की तरह मुझे भी मिले लालबत्ती
आंबेकर ने यह भी दावा किया कि मुख्यमंत्री और मुंबई महापौर का दर्जा समान होता है। इसलिए मुख्यमंत्री की तरह उन्हें भी लालबत्ती की गाड़ी मिलनी चाहिए।