मुंबई में हुई डॉन के बेटे की शादी, नहीं आया कोई बड़ा सितारा
डॉन अरुण गवली के बेटे महेश की शादी शनिवार को मुंबई सम्पन्न हुई। दिन में शादी होने के बाद रात में रिसेप्शन का भी आयोजन हुआ। बेटे की शादी में शामिल होने के लिए कोर्ट ने गवली को 15 दिन की पैरोल भी दी है।
मुंबई। डॉन अरुण गवली के बेटे महेश की शादी शनिवार को मुंबई सम्पन्न हुई। दिन में शादी होने के बाद रात में रिसेप्शन का भी आयोजन हुआ। बेटे की शादी में शामिल होने के लिए कोर्ट ने गवली को 15 दिन की पैरोल भी दी है। बेटे की शादी के दौरान गवली काफी खुश नजर आया। गवली ने बेटे की शादी में बॉलीवुड और राजनीति के कई सेलिब्रिटीज को न्योता दिया था। हालांकि, शादी में और रिसेप्शन के दौरान कोई बड़ा सितारा नजर नहीं आया। शादी से पहले शुक्रवार को गवली के घर (दगड़ी चॉल) पर हल्दी का कार्यक्रम हुआ। अरुण गवली के बेटे महेश और कृतिका अहीर की शादी में कई हाई-प्रोफाइल हस्तियों को आमंत्रित किया।
गवली का इकलौता बेटा है महेश
गवली के इकलौते बेटे महेश (27) की शादी नागपुर की रहने वाली कृतिका अहीर (20) के साथ हुई। रियल एस्टेट का बिजनेस संभाल रहे महेश की मुलाकाल कृतिका से एक शादी समारोह में ही हुई थी। कृतिका पेशे से प्रोफेशनल भरतनाट्यम डांसर हैं। कृतिका फिलहाल नागपुर के डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर कॉलेज में सेकंड ईयर कॉमर्स की स्टूडेंट हैं।
अरुण गवली को मिली है 15 दिन की पैरोल
गैंगस्टर से नेता बने गवली को बेटे की शादी के लिए कोर्ट ने 15 दिन की पैरोल दी है। गवली पर 25 से अधिक किडनैपिंग और शिवसेना नेता कमलाकर जामसंदेकर की हत्या का आरोप है। फिलहाल, गवली नागपुर जेल में सजा काट रहा है। वह अखिल भारतीय सेना का अध्यक्ष भी है।