पानसरे की हत्या के विरोध में महाराष्ट्र बंद आज
मुंबई [ब्यूरो]। भाकपा नेता गोविंद पानसरे की हत्या के विरोध में रविवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान कि
मुंबई [ब्यूरो]। भाकपा नेता गोविंद पानसरे की हत्या के विरोध में रविवार को महाराष्ट्र बंद का आह्वान किया गया है। 82 वर्षीय पानसरे का शुक्रवार देर रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया था। शनिवार को कोल्हापुर में हजारों लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार हुआ।
महाराष्ट्र में टोल टैक्स विरोधी आंदोलन के सूत्रधार रहे पानसरे को अज्ञात लोगों ने 16 फरवरी को उनके घर के बाहर गोली मार दी थी। हमले में उनकी पत्नी उमा भी घायल हुई थीं। 1952 में ही भाकपा के सदस्य बन गए पानसरे अपने जुझारू स्वभाव के लिए जाने जाते थे। पानसरे की हत्या के विरोध में भाकपा के महाराष्ट्र बंद को आरपीआई, कांग्रेस और राकांपा ने भी समर्थन देने की घोषणा की है।
विधान मंडल सत्र की शुरुआत से कुछ दिनों पहले हुए इस हत्याकांड ने फडणवीस सरकार के लिए नई मुसीबत खड़ी कर दी है। भाजपा करीब डेढ़ वर्ष पहले पुणे में हुए नरेंद्र दाभोलकर हत्याकांड को लेकर पिछली संप्रग सरकार को घेरती रही है। अब बिलकुल उसी शैली में हुई पानसरे की हत्या के मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी न हो पाने से विरोधियों को भाजपा सरकार पर अंगुली उठाने का मौका मिल गया है। खासतौर से तब, जब गृह मंत्रालय स्वयं मुख्यमंत्री के पास है।
कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग
महाराष्ट्र कांग्रेस ने हत्या की सीबीआई जांच की मांग की है। महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश समिति के अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि पानसरे की हत्या राज्य में प्रगतिशील आंदोलनों को रोकने का एक प्रयास है। ठाकरे ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर राज्य में प्रगतिशील सामाजिक आंदोलन चलाने वाले नेताओं को सुरक्षा देने की मांग की है। पानसरे की मौत के बाद वाम समर्थकों ने प्रदर्शन भी किया।