मिस इंडिया रनर को प्रताड़ित करने वाला पति गिरफ्तार
बॉलीवुड में सहायक फिल्म निर्देशक के तौर पर काम करने वाले यशवंत गिर को अपनी पत्नी से अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने व उससे मार-पीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
मुंबई, मिड डे। बॉलीवुड में सहायक फिल्म निर्देशक के तौर पर काम करने वाले यशवंत गिर को अपनी पत्नी से अप्राकृतिक यौन संबंध बनाने व उससे मार-पीट करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
वर्ष 2000 में मिस इंडिया रनर-अप रह चुकी मॉडल ने गुरुवार रात मुंबई के वर्सोवा थाने में अपने पति के खिलाफ प्रताड़ित करने का मामला दर्ज कराया।
पेशे से मॉडल पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2007 में उनके प्रेम विवाह के दूसरे दिन से ही यशवंत ने उससे मार-पीट शुरू कर दी। अगर वह विरोध करती थी तो यशवंत राजनेताओं व बॉलीवुड के बड़े लोगों से अपने संपर्क का हवाला देकर उसे धमकाता था। दोनों की एक छह साल की बेटी भी है, महिला ने उसे भी यशवंत द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया है।
36 वर्षीय मॉडल ने कहा कि यशवंत शराब का आदी है और उसके चरित्र पर अंगुली उठाकर उसे रोजाना बुरी तरह से पीटता है। महिला का कहना है कि वह पिछले एक साल से घरेलू हिंसा के मामले में शिकायत दर्ज कराने के लिए पुलिस से संपर्क कर रही है, लेकिन पुलिस इसे केवल गैर संज्ञेय अपराध की शिकायत के तौर पर दर्ज करती थी।
अंतत: उसने जब मुंबई पुलिस आयुक्त राकेश मारिया से मिलकर उन्हें आपबीती सुनाई, तब उन्होंने वर्सोवा पुलिस को एफआइआर दर्ज करने का निर्देश दिया। इसी के बाद आरोपी की गिरफ्तारी हो सकी। पुलिस ने आइपीसी की धारा 377 व 498ए के तहत मामला दर्ज किया है।