महाराष्ट्र में मतदान संपन्न, दिग्गजों का भाग्य वोटिंग मशीन में कैद
मुंबई/पुणे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम को 6 बजे संपन्न हो गई। स
मुंबई/पुणे। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम को 6 बजे संपन्न हो गई। सुबह से शांतिपूर्ण चल रहे मतदान में व्यवधान डालने का प्रयास नक्सलियों द्वारा महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हुआ। गढ़चिरौली में मतदान संपन्न करा कर वापस लौट रहे मतदानकर्मियों पर नक्सलियों ने हमला बोला। पुलिस ने भी उनके हमले का मुंहतोड़ जावाब दिया। इसके अलाव पूरे महाराष्ट्र में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान संपन्न हुआ। शाम 5 बजे तक महाराष्ट्र में 55 प्रतिशत तक मतदान हुआ। चुनाव आयोग के मुताबिक यह आंकड़ा 65 प्रतिशत के पार जाने की उम्मीद है। 2009 विधानसभा चुनावों में महाराष्ट्र में 59 फीसदी मतदान हुआ था। हर बार की तरह ही इस बार भी वोट डालने वालों में मुंबई के लोग पीछे रहे। इन चुनावों में प्रदेश के कई दिग्गजों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मुंबई में ठाकरे परिवार के सभी सदस्यों, राज और उद्धव ठाकरे ने अपने-अपने परिवार संग वोट डाला।
इस बार कुल 4,119 उम्मीदवार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं, जिसमें 279 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। मतगणना 19 अक्टूबर को होगी।
नक्सल प्रभावित इलाके में मतदान 3 बजे समाप्त हुआ
महाराष्ट्र में नक्सल प्रभावित गड़चिरोली जिले में दोपहर तीन बजे के बाद वोटिंग खत्म हो गई। सुरक्षा के कारण से यहां पर वोटिंग का समय सुबह 7 से दोपहर तीन बजे तक का रखा गया था। यहां पर कम आबादी होने की वजह से यहां मतदान जल्दी हो जाता है। इसलिए आयोग ने यहां तीन बजे तक मतदान प्रक्रिया को जारी रखने का निर्णय लिया था।
गड़चिरोली शहर और जिले में दोपहर 1 बजे तक 44 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। बताया जा रहा है कि नक्सली गतिविधियों की वजह से काफी कम लोगों ने मतदान किया है। सुबह वोटिंग सुऱू होने के बाद मतदान की रफ्तार कम थी लेकिन बाद में यह रफ्तार तेज हुई। दोपहर बारह बजे के बाद वोटिंग का प्रतिशत बढा। महाराष्ट्र में कम वोटिंग होने की वजह से सभी दलों के उम्मीदवारों की दिल की धड़कने बढ़ गई है।
नागपुर में मतदान केंद्र पर बिजली गिरी, 7 लोग गंभीर रूप से झुलसे
मतदान के दौरान नागपुर में एक बड़ी दुर्घटना सामने आई है। यहां शहर के सावनेर मतदान केंद्र पर बिजली गिरने की जानकारी में सामने आ रही है। शुरूआती जानकारी में मुताबिक इस हादसे में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। नागपुर में सुबह से ही कई इलाकों में बारिश हो रही है। मतदान केंद्र पर बिजली गिरने की इस घटना से वोटिंग कुछ देर तक रुकी रही।
कई दिग्गजों ने डाले वोट
वोटिंग शुरू होते ही मतदान केंद्र पर लोगों की लंबी-लंबी लाइन देखने को मिल रही है। बात अगर सेलेब्रिटी की करें तो सबसे पहले मुंबई की बांद्रा सीट से अभिनेत्री और राज्यसभा सांसद रेखा ने अपना वोट डाला। रेखा के अलावारेखा के अलावा अभिनेता अभिषेक बच्चन, जया बच्चन, अभिनेत्री भाग्यश्री, पूजा बेदी, गीतकार जावेद अख्तर, अभिनेता फरहान अख्तर, अभिनेता अमोल पालेकर, राहुल बोस ने भी मतदान किया।
मताधिकार करने वाले राजनेताओं में महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, उपमुख्यमंत्री अजित पवार, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और उनकी बेटी सुप्रिया सुले, पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशिल कुमार शिंदे, बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े, पंकजा मुंडे, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र फड़नवीस, एनसीपी नेता नवाब मलिक, कांग्रेस नेता प्रफ्फुल पटेल और राज और उद्धव ठाकरे समेत पूरा ठाकरे परिवार का नाम शामिल है।
इन सब के अलावा क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद सचिन तेंदुलकर ने भी मुंबई में अपना वोट डाला। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए सचिन ने कहा, चुनाव वह समय है जब जनता की राय सबसे महत्वपूर्ण होती है। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि आज मतदान के लिए जरूर निकलें।