उपचुनाव के नतीजे देश में बदलती परिस्थिति के संकेत: कांग्रेस
मुंबई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे ने कहा है कि उपचुनाव के नतीजे देश भर में बदलती परिस्थिति के संकेत हैं। उपचुनाव के नतीजों पर ठाकरे ने कहा कि लोकसभा चुनाव में देश भर में अलग वातावरण था। इस कारण भाजपा को अनपेक्षित सफलता मिली थी लेकिन उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के झूठे आश्वासन, दोहरी नीति और ढोंगी राष्ट्रवाद के कारण परिस्थति में तेजी से बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि अगस्त और सितंबर महीने के दौरान देश भर में हुए उपचुनावों में कांग्रेस और धर्मनिरपेक्ष पार्टियों को सफलता मिली है। इससे भाजपा को करारा झटका लगा है। ठाकरे ने कहा कि लोकसभा चुनाव में जनता को भ्रमित करने में मोदी कामयाब हुए थे लेकिन उसके आधार पर लोकसभा की सफलता लंबे समय तक टिकाए रखना संभव नहीं है।
देश भर के विविध राज्यों में मोदी लहर उतरती नजर आ रही है। भाजपा के तथाकथित हिंदुत्व की प्रयोगशाला उत्तार प्रदेश में भी यही सामने आया है। लोकतांत्रिक देश में तानाशाही मानसिकता को समर्थन नहीं मिल सकता है। चुनावी नतीजे से यह साबित हो गया है। ठाकरे ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भी ऐसे नतीजों की उम्मीद जताई है।