मोदी ने राष्ट्र को समर्पित किया आईएनएस कोलकाता युद्धपोत
मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मुंबई में स्वदेश निर्मित आईएनस कोलकाता राष्ट्र को समर्पित किया। इस मौके मोदी ने कहा कि अब कोई भी भारत को आंख नहीं दिखा सकता। यह युद्धपोत भारत के बुद्धि बल का परिचायक है।
इस मौके पर मोदी के साथ रक्षा मंत्री अरुण जेटली और नौसेना प्रमुख एडमिरल आर.के. धोवन , महाराष्ट्र के राज्यपाल के शंकरनारायणन और मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण मौजूद थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हमें सिर्फ बाहुबल का इस्तेमाल नहीं करना है इसके साथ विज्ञान और टेक्नोलॉजी को भी अपनाना होगा। कल हमनें आजादी का पर्व मनाया लेकिन इस आजाद देश की रक्षा का काम हमारी सेना करती है। मैं देश के युवाओं के सामर्थ्य और बुद्धिबल को वंदन करता हूं। मोदी आज शाम महाराष्ट्र के सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
आईएनएस कोलकाता की विशेषताएं
इस युद्धपोत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि ये दुश्मनों के राडार को चकमा देने में सक्षम होगा।ब्रह्मोस मिसाइलों से लैस युद्धपोत आईएनएस कोलकाता 400 किलोमीटर की दूरी तक मार करने में सक्षम होगा। इस युद्धपोत को मुंबई के ही मझगांव में डॉकयार्ड में तैयार किया गया है। यह पूरी तरह से स्वदेश निर्मित युद्धपोत है। इसके निर्माण में 2606 करोड़ की लागत आई है।