दुष्कर्म के आरोप लगाना फैशन हो गया है: उद्धव
मुंबई। दुष्कर्म के आरोपों से घिरे आईपीएस अधिकारी सुनील पारसकर के बचाव में शिवसेना उतर आई है। पार्टी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने सामना में लिखे संपादकीय में पीड़िता 26 वर्षीय मॉडल के आरोपों पर सवाल उठाए हैं। साथ ही लिखा कि दुष्कर्म के आरोप लगाकर सनसनी पैदा करना अब फैशन बन गया है। वहीं आरोप लगाने वाली मॉडल ने कहा है कि यह मामला कोर्ट में है। इस तरह के संवेदनशील मसलों पर हकीकत जाने बिना किसी को भी टिप्पणी नहीं करनी चाहिए।
उद्धव ने सामना के संपादकीय में लिखा, पुलिस की इतने वषरें तक सेवा करने वाले सुनील पारसकर पर एक मॉडल आरोप लगाती है और रातोंरात वह अधिकारी खलनायक बना दिया जाता है।
उन्होंने यह भी लिखा कि आरोप लगाने वाली मॉडल और पारसकर के बीच इतने दिन तक मधुर संबंध थे। ऐसे में जो कुछ भी हुआ उसे दुष्कर्म कैसे कह सकते हैं। यह प्रश्न लोगों को समझ आ रहा है, पर पुलिस को नहीं। क्या मॉडल को यह समझने में छह महीने लग गए कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। इस पर मॉडल ने कहा कि पारसकर उस समय एडिशनल कमिश्नर थे, मैं पुलिस के पास नहीं जा सकती थी।