सोनिया के दरबार में होगा उद्योग मंत्री राणे का फैसला
मुंबई। मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके नारायण राणे का इस्तीफा फिलहाल मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने स्वीकार नहीं किया है। राणे को लेकर अंतिम फैसला अब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ही करेंगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री चव्हाण ने प्रदेश अध्यक्ष माणिकराव ठाकरे के साथ मिलकर ढाई घंटे तक राणे से चर्चा की।
सुबह करीब 11 बजे राणे मुख्यमंत्री आवास वर्षा पहुंचे। वहां मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माणिकराव भी मौजूद थे। तीनों नेताओं के बीच करीब ढाई घंटे तक चर्चा चली। हालांकि बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राणे ने कहा कि ढाई घंटे चली चर्चा का कोई परिणाम नहीं निकला।
उन्होंने बताया कि फिलहाल यह तय हुआ है कि मैं मुख्यमंत्री चव्हाण और माणिकराव दो-तीन दिन के भीतर दिल्ली जाकर कांग्रेस अध्यक्ष के साथ चर्चा करेंगे। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने भी पत्रकारों को बताया कि इस मसले को लेकर मैं प्रदेश अध्यक्ष के साथ जल्द ही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करूंगा।
नाराज नेता से चुनाव तैयारियों को लेकर भी चर्चा
मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने संकेत दिए हैं कि उद्योगमंत्री मंत्री नारायण राणे की नाराजगी दूर हो जाएगी। मंगलवार को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में राणे ने विधानसभा चुनाव तैयारियों के बारे में भी चर्चा की। इस्तीफा देते वक्त राणे ने जिन अधूरे कायरें का हवाला दिया है, उन्हें भी पूरा किया जाएगा।
राणे के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने ने जो सवाल उठाए हैं, उस बारे में चर्चा हुई है। राज्यस्तर से जो कार्य पूरे हो सकतें हैं उन्हें पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस बारे में पार्टी प्रभारी मोहन प्रकाश को जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि राणे के साथ बैठक के दौरान अगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सरकार और संगठन के लिए क्या किया जाना चाहिए। इस बारे में भी चर्चा हुई।