सोनिया बीमार, रद किया महाराष्ट्र दौरा
मुंबई, एजेंसी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की तबियत रविवार को अचानक खराब हो गई। इस वजह से उन्होंने महाराष्ट्र का एक दिवसीय दौरा रद कर दिया।
सोनिया को चुनावी अभियान के तहत उत्तरी महाराष्ट्र के नंदुरबार और धुले के अलावा मुंबई की एक रैली को संबोधित करना था।
कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी अस्वस्थ हैं लेकिन उनकी बीमारी के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। इससे पहले वर्ष 2011 में भी सोनिया गांधी अचानक एक अज्ञात बीमारी का ऑपरेशन कराने के लिए अमेरिका चली गई थीं।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि नंदुरबार और धुले की रैलियों के लिए कांग्रेस अध्यक्ष ने गुलाम नबी आजाद और राजबब्बर को जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
महाराष्ट्र में 24 अप्रैल को 19 संसदीय क्षेत्रों में मतदान होना है। मतदान से चार दिन पहले कांग्रेस ने बांद्रा कुर्लाकॉमप्लेक्स के उसी मैदान में सोनिया गांधी की रैली आयोजित की थी, जहां करीब तीन माह पहले नरेंद्र मोदी की महागर्जना रैली हुई थी। मोदी की देश भर में हुई विशाल रैलियों में से एक उस रैली के लिए जहां भाजपा ने मैदान के छह खंड बुक किए थे, कांग्रेस ने रविवार की रैली के लिए उसी मैदान के 12 खंड बुक कर प्रचारित किया था कि उसकी रैली मोदी से बड़ी होगी। पार्टी संगठन की ओर से तैयारियां भी ठीकठाक की गईं थीं।