नगर निगम ने होलकर स्टेडियम किया सील
नगर निगम ने उषाराजे होलकर क्रिकेट स्टेडियम को सील कर दिया। स्टेडियम पर 29 लाख, नौ हजार, 605 रुपये का संपत्ति कर बकाया है।
नई दुनिया, इंदौर। नगर निगम ने गुरुवार को उषाराजे होलकर क्रिकेट स्टेडियम को सील कर दिया। निगम ने स्टेडियम पर 29 लाख, नौ हजार, 605 रुपये का संपत्ति कर बकाया बताया है, जबकि मध्य प्रदेश क्रिकेट संघ (एमपीसीए) के अधिकारी कार्रवाई को गलत बताते हुए 2017 तक का कर जमा होने की बात कह रहे हैं। यहां आठ अप्रैल से आइपीएल मैच होने हैं और इसे टिकट हासिल करने के लिए दबाव की कार्रवाई बताया जा रहा है।
उपायुक्त प्रतापसिंह सोलंकी और अरुण शर्मा गुरुवार दोपहर टीम सहित उषाराजे स्टेडियम बकाया संपत्ति कर वसूलने पहुंचे थे। एमपीसीए के अधिकारियों ने कर के रूप में जमा किए गए सात लाख रुपये की राशि की रसीद दिखाई, लेकिन निगम अधिकारियों ने इसे अधूरा टैक्स बताते हुए स्टेडियम के दोनों गेटों के साथ सीईओ रोहित पंडित का आफिस सील कर दिया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने आरएसएस की तर्ज पर बनाया राष्ट्रीय कांग्रेस स्वयंसेवक संघ
सोलंकी के मुताबिक एसोसिएशन और स्टेडियम प्रशासक की जिम्मेदारी है कि वह सेल्फ असेसमेंट कर टैक्स जमा करें, जबकि स्टेडियम के कर्ताधर्ताओं ने आज तक खेल मैदान का संपत्ति कर ही नहीं चुकाया। अन्य करों के रूप में सात लाख रुपये जरूर जमा कराए थे। कार्रवाई से पहले समय-समय पर नोटिस भी जारी किए गए थे।
सही नहीं है कार्रवाई :
एमपीसीए के सीईओ रोहित पंडित का कहना है कि हमने 2016-17 तक सात लाख रुपये टैक्स पहले ही चुका दिया था। निगम ने उस पर पांच प्रतिशत छूट भी दी थी। बुधवार शाम को निगम के कुछ लोग आए और पहले ११ लाख का टैक्स बकाया बताया। थोड़ी देर बाद 29 लाख के टैक्स की गणना कर दी। गुरुवार को आकर मैदान सील कर दिया। कार्रवाई बिल्कुल गलत है।इंदौर में होने हैं तीन मैच : होलकर स्टेडियम में किंग्स इलेवन पंजाब टीम आठ अप्रैल को राइजिंग पुणे सुपर जाइंट्स से, 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर से और 20 अप्रैल को मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।