केंद्रीय मंत्री की माताजी ने किया नेत्रदान
भोपाल [नप्र]। केंद्रीय ग्रामीण एवं विकास राज्यमंत्री प्रदीप जैन की 74 वर्षीय माताजी शांति देवी की मृत्यु के बाद उनकी इच्छानुसार मंगलवार को सेवा सदन की टीम ने उनके नेत्र निकाले। मंगलवार को भोपाल मेमोरियल अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया था। उन्होंने निधन से पहले नेत्रदान की इच्छा जताई थी। नेत्रदान के बाद उनकी पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए झांसी ले जाया गया है।
शांति देवी अपने अशोका गार्डन निवासी पुत्र अजित जैन के बेटे के विवाह समारोह में शामिल होने भोपाल आई थीं। तीन दिन पहले उनको हार्ट अटैक आया था। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। सोमवार को उनकी एंजियोग्राफी हुई थी। मंगलवार करीब 1 बजे उनका निधन हो गया। निधन के पहले उन्होंने नेत्रदान की इच्छा जताई थी। परिजनों ने इसकी सूचना सेवा सदन नेत्र चिकित्सालय को दी। इसके बाद सेवा सदन की टीम ने अस्पताल पहुंचकर उनके नेत्र निकाल लिए। इसके बाद शाम 5 बजे उनके पार्थिव देह को झांसी रवाना कर दिया। निधन की सूचना मिलने पर कांग्रेसी नेता पीसी शर्मा, सुनील सूद सहित अन्य नेता बीएमएचआरसी पहुंचे थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर