कटारे के साथ पार्टी, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष से मांगे दस्तावेज
संपत्ति में कई गुना बढ़ोतरी और तीन पेन कार्ड रखने के बीजेपी के आरोपों को लेकर पूरी कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के साथ खड़ी है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय ने फोन कर पूरे मामले की जानकारी ली, मुस्तैदी से मोर्चे पर डटे रहने के लिए कहा।
भोपाल [ब्यूरो]। संपत्ति में कई गुना बढ़ोतरी और तीन पेन कार्ड रखने के बीजेपी के आरोपों को लेकर पूरी कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे के साथ खड़ी हो गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय ने फोन कर न सिर्फ पूरे मामले की जानकारी ली, बल्कि मुस्तैदी से मोर्चे पर डटे रहने के लिए भी कहा, वहीं कटारे ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान को पत्र लिखकर आरोप संबंधी दस्तावेजों की सत्यप्रति मांगी है। पत्र की प्रति मुख्यमंत्री को भी भेजी गई है।
शुक्रवार को बीजेपी महामंत्री अरविंद भदौरिया ने शपथपत्रों के सहारे कटारे पर बेहिसाब संपत्ति स्वयं और पत्नी के नाम बनाने का आरोप लगाया था। तीन पेनकार्ड नंबर रखने की बात कही थी। कटारे पर आरोप ऐसे समय में लगे, जब व्यापमं घोटाले को लेकर मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग के चलते विस का मानसून सत्र 10 के बजाय तीन दिन में बिना बहस समाप्त हो गया। कटारे ने सदन से स़$डक तक सरकार पर न केवल तीखे हमले किए थे, बल्कि व्यापमं घोटाले के साक्ष्य मिटाने के आरोप लगाए थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि लोकसभा, राज्यसभा और विधानसभा का सत्र नहीं चलने से बीजेपी को जवाब देना मुश्किल हो गया है। खुन्नस निकालने के लिए सत्र समाप्ति के ठीक एक दिन बाद व्यक्तिगत आरोप लगाने से साफ है कि राजनीतिक द्वेष के चलते कांग्रेसी नेताओं को निशाना बनाया गया।
सूत्रों ने बताया कि आरोप लगने के बाद रात नौ बजे राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कार्यालय से कटारे के पास पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी ली गई। दरअसल, कटारे गत दिनों दिल्ली में व्यापमं मुद्दे को उठाने के लिए जरूरी दस्तावेजों के साथ तथ्यात्मक जानकारी देकर आए थे। केन्द्रीय संगठन ने कटारे को आश्वस्त किया कि पूरी पार्टी साथ है।
इलाज कराने जाएंगे मुंबई
कटारे पसली में लगी चोट का इलाज कराने के लिए रविवार को मुंबई जाएंगे। शनिवार को उन्होंने अग्रवाल अस्पताल में चेकअप कराया। सांस लेने में तकलीफ होने की वजह से उन्हें कुछ देर के लिए भर्ती किया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें नियमित चेकअप की सलाह दी है। वे इलाज कराने अमेरिका भी जाने वाले हैं।