अल्पसंख्यकों से ब्लैकमेल हो रही भाजपा
भोपाल, ग्वालियर/मुरैना। हिंदुओं की रक्षा के मामले में विश्व हिन्दू परिषद के अन्तरराष्ट्रीय कार्याध्य
भोपाल, ग्वालियर/मुरैना। हिंदुओं की रक्षा के मामले में विश्व हिन्दू परिषद के अन्तरराष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोग़ि़डया ने केन्द्र सरकार पर ही हमले शुरु कर दिए। गुरुवार को मुरैना और ग्वालियर में आयोजित हिन्दू सम्मेलनों में उन्होंने यह तक बोल दिया कि केंद्र सरकार अल्प संख्यकों द्वारा ब्लैकमेल हो रही है। केन्द्र में चाहे भाजपा रहे या कांग्रेस, वे हिन्दुओं की रक्षा नहीं कर सकतीं। हिन्दू की रक्षा तो केवल विश्व हिन्दू परिषद ही करेगी और विहिप ने यह आंदोलन तेज कर दिया है।
लव जेहाद और धर्मान्तरण पर डॉ. तोगड़िया की तल्ख टिप्पणियां रहीं। उन्होंने कहा कि लव का अर्थ प्यार है। प्यार क्या है, इसे शंकर-पार्वती के प्रेम से समझा जा सकता है। हिन्दू धर्म में आखिरी सांस तक प्यार निभाया जाता है। क्या उसे लव कहा जा सकता है जो 4 दिन में 4 शादियां करें और 4 घंटे में तलाक। बस ऐसे ही कथित लव के खिलाफ विहिप अभियान छेडे़ है तो इसमें गलती क्या है।
पहले नहीं था कोई शाहरुख और सलमान खान
तोगड़िया ने कहा कि 2 हजार साल पहले तक हिंदू धर्म के अलावा कोई धर्म नहीं था। 14 सौ साल पहले कोई शाहरुख, सलमान खान और बुखारी नहीं था। क्योंकि इस्लाम धर्म नहीं था। 2 हजार साल पहले कोई फर्नाडीस नहीं था। मक्का, ईरान, रोम सहित पूरी दुनिया में हिन्दू था। अगर हिन्दुओं का धर्मातरण नहीं होता तो आज इमाम बुखारी और देश को खंडित करने वाला शैतान मोहम्मद अली जिन्ना नहीं होता और न पाकिस्तान, अफगानिस्तान अस्तित्व में आता। इसलिए हम भारत को संवैधानिक तौर से हिंदू राष्ट्र बनाना चाहते हैं। यूपी, तेलंगाना, आंधप्रदेश और पश्चिम बंगाल सरकार की हिन्दू विरोधी नीतियों पर डॉ. तोग़ि़डया ने तीखे हमले करते हुए कहा कि वहां मुस्लिमों के बेटे-बेटियों के लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं और हिन्दुओं की उपेक्षा हो रही है।
ओबामा ने गलत क्या कहा?
मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सभी धर्मो के सहयोग से विकास की जो बात कही है, वह गलत कहां है। उन्होंने समानता की बात कही तो हम भी वही कह रहे हैं। धर्मान्तरण गलत है। हम इसका विरोध कर रहे हैं। और जिन्होंने धर्मान्तरण कर लिया है उनकी घर वापसी का अभियान चला रहे हैं। हिन्दुओं द्वारा 4 बच्चे पैदा करने के सवाल का उन्होंने गोलमोल जवाब दिया। उन्होंने कहा कि हर हिन्दू के घर बच्चे होना चाहिए, यह गलत कहां हैं। अयोध्या में राम मंदिर के मामले पर उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार के बूते की यह बात नहीं है। मंदिर तो हिन्दुओं के बलबूते पर ही बनेगा।