बैठक में छाए रहे मोदी-शिवराज
भोपाल [ब्यूरो]। भाजपा प्रदेश कार्यसमति की बैठक में शनिवार को संगठन के बजाए सत्तापक्ष हावी दिखा। मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और प्रदेश अध्यक्ष नंदकुमार चौहान-दोनों के ही पोस्टर गायब थे। मंच के पोस्टर से लेकर कार्यसमिति के एजेंडे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ही छाए रहे।
लोकसभा चुनाव एवं नवागत प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार चौहान की नियुक्ति के बाद यह पहली कार्यसमिति की बैठक थी। इसमें पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और जबलपुर सांसद राकेश सिंह ने राजनीतिक प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।
बैठक के बीच राकेश सिंह ने संवाददाताओं को केंद्र और राज्य सरकारों की फ्लैगशिप योजनाओं और हालिया फैसलों का हवाला देते हुए प्रधानमंत्री मोदी और शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार जताया। साथ ही केंद्र सरकार में प्रदेश से 5 कैबिनेट मंत्रियों और संसदीय बोर्ड में सीएम शिवराज को शामिल किए जाने पर केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार माना।
सिंह ने बताया कि 4 फीसद की विकास दर से उबरने के बाद अब 11 फीसद से अधिक विकास दर हासिल करने वाला मध्यप्रदेश पहला राज्य बन गया है। प्रदेश लगातार तीसरी बार कृषि कर्मण अवार्ड हासिल करने जा रहा है।
25 सितंबर से राज्य में कृषि महोत्सव
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन 25 सितंबर से राज्य में कृषि महोत्सव मनाने जा रही है। यह 20 अक्टूबर तक चलेगा। इसमें किसानों को खेती की उन्नत तकनीक की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान राज्यभर में कृषि मेले आयोजित कर किसानों को जागरक किया जाएगा।
नगरीय निकाय जीतने का लक्ष्य
बैठक में पार्टी अध्यक्ष नंदकुमार चौहान ने कांग्रेस के कब्जे वाले नगरीय निकायों में इस बार भाजपा का झंडा लहराने का लक्ष्य रखा। निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि जैसा सहयोग मुझे दिया, अब वैसा काम नंदू भैया के साथ करना है।
संवादसेतु एंड्राइट एप शुरू
बैठक में आईटी सेल की ओर से जानकारी दी गई कि भाजपा ने युवाओं के बीच अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए भाजपा संवाद सेतु के नाम से एक एंड्राइड एप शुरू किया है। इसे गूगल प्ले स्टोर से स्मार्ट फोन में डाउनलोड किया जा सकता है। इससे सरकार और संगठन से जुड़ी सभी खबरें और संदेश सीधे कार्यकर्ताओं तक पहुंचेंगे।