देखते ही देखते जमींदोज हो गया जर्जर मकान
भोपाल। नगर निगम ने शहर में बारिश की वजह से जर्जर मकानों के ढहने की आशंका को देखते हुए अब इन्हें तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को निगम के अमले ने गुर्जरपुरा में दो मकानों और एक खंडहर को जेसीबी की मदद से तोड़ दिया। मंगलवार को इन मकानों के छज्जे गिर गए थे।
लिहाजा, बुधवार सुबह निगम का अमला यहां पहुंचा और किरायादारों से मकान खाली कराए। दोपहर में निगम ने इन्हें तोड़ने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान किराएदारों ने काफी विरोध किया। निगम अमले ने तलैया और काजी कैंप में निगम कॉलोनी में भी जर्जर मकानों के छज्जे गिराए।
433 मकान जर्जर, पर कार्रवाई कागजों में
हर साल नगर निगम जर्जर मकानों को नोटिस देता है, लेकिन कार्रवाई न के बराबर होती है। इस बार निगम ने 433 मकानों को तोड़ने का नोटिस दिया है। बारिश के मौसम से पहले इन मकानों को निगम को तोड़ना था, लेकिन अब बारिश शुरू होने के बाद कार्रवाई शुरू हो रही है।