भारी मतदान से बढ़ रही मेरी जिम्मेदारी: मोदी
नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में रिकॉर्डतोड़ मतदान से उत्साहित भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'जनता उनकी जिम्मेदारियां बढ़ा रही है।' शुक्रवार को ओडिशा व छत्तीसगढ़ में अपनी चुनावी रैलियों में मोदी ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और पोलिंग बूथ पर जुटने वाली भीड़ इसकी परिचायक है।
नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण में रिकॉर्डतोड़ मतदान से उत्साहित भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'जनता उनकी जिम्मेदारियां बढ़ा रही है।' शुक्रवार को ओडिशा व छत्तीसगढ़ में अपनी चुनावी रैलियों में मोदी ने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और पोलिंग बूथ पर जुटने वाली भीड़ इसकी परिचायक है। केंद्र की संप्रग व ओडिशा की बीजद सरकार से जनता त्रस्त है और भारी मतदान के जरिये वो इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकना चाहती है।
ओडिशा के बालासोर, क्योंझर व अंगुल जिले में आयोजित चुनावी सभा में मोदी ने कहा कि 'आपने मुझ पर विश्वास जताया है और मैं इसे सूद सहित वापस करूंगा। मेरा जन्म भगवान सोमनाथ की धरती (गुजरात) पर हुआ है और मैं भगवान जगन्नाथ की धरती (ओडिशा) के लोगों को पूरी शिद्दत से प्रेम करूंगा।' मोदी ने कहा कि राजनेता होने के नाते मैं जनता का मिजाज समझता हूं, वो संपूर्ण बदलाव चाहती है। इसलिए दिल्ली की सत्ता में बैठे लोगों को सबक सिखा रही है।
कांग्रेस पर हमलावर नमो ने कहा कि सत्ताधारी पार्टी को चुनावों में ही गरीबों की याद आती है। उसने गरीब शब्द को चुनाव जीतने का हथियार बना लिया है। किसी भी प्रदेश में कांग्रेस के सीटों की संख्या दहाई तक नहीं पहुंचेगी और कई जगह तो उसका खाता भी नहीं खुलेगा।
प्रदेश की नवीन पटनायक सरकार को आड़े हाथ लेते हुए मोदी ने कहा कि जो सरकार आपकी भाषा नहीं समझती, आपका दर्द नहीं बांट सकती, उसे सत्ता में बिठाए रखने का क्या मतलब है? कोल बाहुल्य अंगुल जिले के तलचर में मोदी ने कहा कि यहां कोयले का प्रचुर भंडार होने के बाद भी बिजली नहीं मिलती। जबकि खनिज से भरपूर क्योंझर जिले में लोग अभाव में जी रहे हैं। ये प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों का दुष्परिणाम है।
गांधी परिवार का भेद जानते हैं जोगी छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी पर चुटकी लेते हुए मोदी ने कहा कि वे प्रदेश में लगातार अपना जनाधार खाते जा रहे हैं। बावजूद इसके कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी उन्हें अपने साथ जोड़े हुए हैं। क्योंकि, अजीत गांधी परिवार के बारे में कोई 'भेद' जानते हैं।
धमतरी जिले में आयोजित जनसभा में नमो ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर आरोप लगाया कि 'सोने का चम्मच लेकर पैदा होने वाले राहुल गरीबी के बारे में क्या जानते हैं? मैंने स्टेशनों पर चाय बेची है और गरीबी में जीवन जिया है। वे सिर्फ मीडिया में फोटो खिंचवाने के लिए गरीबों के साथ खाना खाते हैं।'
पढ़ें: थ्रीडी तकनीक से एक हजार रैलियां संबोधित करेंगे मोदी
पढ़ें: भारतीय वैज्ञानिक ने तैयार किया दुनिया का पहला 3डी फिंगरप्रिंट