भाजपाइयों की सद्बुद्धि को केजरी ने लगाया ध्यान
आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया समेत आप की पूरी टीम ने अस्सी घाट पर सुबह दस बजे से भाजपा समर्थकों की सद्बुद्धि के लिए योगासन मुद्रा में बैठकर प्रार्थना की। अस्सी घाट पर सोमनाथ भारती के साथ मारपीट की घटना के लिए पार्टी नेताओं ने सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया।
वाराणसी। आम आदमी पार्टी (आप) संयोजक अरविंद केजरीवाल, वरिष्ठ नेता मनीष सिसौदिया समेत आप की पूरी टीम ने अस्सी घाट पर सुबह दस बजे से भाजपा समर्थकों की सद्बुद्धि के लिए योगासन मुद्रा में बैठकर प्रार्थना की। अस्सी घाट पर सोमनाथ भारती के साथ मारपीट की घटना के लिए पार्टी नेताओं ने सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराया। आप के नेताओं का कहना था कि एक टीवी चैनल द्वारा अस्सी घाट पर आयोजित परिचर्चा में भाजपा समर्थक नारेबाजी कर रहे थे। इसके जवाब में आप समर्थकों ने नारेबाजी की। 'अभी तो शीला हारी हैं, अब मोदी की बारी है।' अबकी मोदी व भ्रष्टाचार के खिलाफ चलेगी झाड़ू की आवाज बुलंद कर रहे थे। भाजपा समर्थकों को ये बातें नागवार लगीं, वह आप समर्थकों से भिड़ गए।
आप समर्थकों के साथ कहासुनी में बीच-बचाव के लिए जब सोमनाथ भारती पहुंचे तो उनके कपड़े फाड़ दिए गए। इतना ही नहीं उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया गया। बहरहाल, पुलिस ने इसमें हस्तक्षेप कर किसी तरह मामला शांत कराया। इस घटना को लेकर निर्वाचन आयोग में शिकायत की गई है।
हिंसा नहीं बात की हो राजनीति
आज मीडिया से मुखातिब अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजनीति में हिंसा का स्थान नहीं होता। राजनीति में बातचीत होनी चाहिए, वह भी जनता के बीच जाकर। भाजपा समर्थकों द्वारा बार-बार हिंसा की रास्ता अख्तियार करना और इस पर बड़े नेताओं द्वारा शह देना बनारस की संस्कृति नहीं। निश्चित ही यह भटके हुए लोग हैं जिन्हें भाजपा गलत जगह इस्तेमाल कर रही है।
भाजपा व मोदी जी वाराणसी संसदीय सीट पर अकेले चुनाव लड़ना चाहते हैं। आप की टीम यह होने नहीं देगी। केजरीवाल ने यह बातें अस्सी पर ध्यान लगाने से पूर्व सुबह आठ बजे अपने संसदीय कार्यालय, महमूरगंज में कहीं।
प्रशासन 'आप' को नहीं दे रहा अनुमति
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि प्रशासन आम आदमी पार्टी के कार्यक्त्रमों के लिए अनुमति नहीं दे रहा है। ऐसी स्थिति में काशी में निष्पक्ष चुनाव नहीं होंगे। इसकी भी शिकायत आयोग तक पहुंचाई जाएगी।
मोदी के लिए अघोषित बंदी
केजरीवाल ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने नगर को चारों तरफ से सील कर अघोषित बंदी का माहौल बना दिया। किसी भी कीमत पर यह लोकतंत्र का हिस्सा नहीं है। उन्होंने मीडिया को भी लपेटा।
फोटो साभार : ट्विटर
पढ़ें: मोदी की स्वीकार्यता के साथ भाजपा की लहर : जेटली
पढ़ें: गिरीराज की तलाश में झारखंड पुलिस, गुरुवार को करेंगे समर्पण