एजूकेशन इन अर्जेन्टीना
जो विद्यार्थी आर्थिक कारणों से यूरोपीय देशों में उच्च शिक्षा हासिल नहीं कर सकते हैं, उनके लिए अर्जेन्टीना एक अच्छा विकल्प है। वहां की उच्च शिक्षा किफायती होने के साथ ही गुणवत्तापूर्ण भी है।
सस्ती और अच्छी शिक्षा
अर्जेन्टीना को कुछ समय पूर्व तक प्राकृतिक सुन्दरता और फुटबाल के लिए जाना जाता था लेकिन अब यह उच्च शिक्षा क्षेत्र में भी अपनी पहचान बना रहा है। उच्च शिक्षा के लिए विदेश से आने वाले छात्रों की संख्या में भी इजाफा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। अब आप विदेश में शिक्षा के लिए अर्जेन्टीना के नाम पर भी विचार कर सकते हैं।
हर पल कुछ सीखेंगे
बाहर से आने वाले लोगों का स्वागत करना वहां के निवासियों की प्राचीन परंपरा है। जो लोग उनकी संस्कृति को सीखने की कोशिश करते हैं, उन्हें खुद ब खुद स्थानीय नागरिकों का अपनापन और भी मिलने लगता है। वहां की कला और संस्कृति से आप बहुत कुछ सीख सकते हैं।
शहरों में अच्छे संस्थान
इस समय वहां 100 से अधिक उच्चस्तरीय शिक्षण संस्थान हैं, जिनमें स्तरीय शिक्षा हासिल कर सकते हैं। वहां चार तरह के संस्थान हैं। राष्ट्रीय विश्वविद्यालय, निजी विश्वविद्यालय, नेशनल इंस्टीटयूट, प्राइवेट इंस्टीटयूट।
किफायती शिक्षा
अर्जेन्टीना के विश्वविद्यालयों में आप किफायती मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा हासिल कर सकते हैं। कई देशों विशेषत: यूरोपीय यूनियन के देशों की तुलना में वहां फीस मुनासिब है। वहां सरकार द्वारा संचालित विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों में सामान्य एडमीशन फीस के अलावा आमतौर पर किसी भी तरह का कोई अन्य शुल्क नहीं लिया जाता है।
प्राइवेट संस्थानों में अधिक फीस
वहां जो प्राइवेट संस्थान हैं, उनकी फीस सरकारी संस्थानों से अधिक है। अगर आपने वहां जाकर उच्च शिक्षा हासिल करने का निर्णय लिया है और अपने लिए किसी प्राइवेट संस्थान का चयन करना चाहते हैं तो सर्वप्रथम आने वाले संपूर्ण खर्च के बारे में भलीभांति पता कर लें।
जेब पर नहीं है भारी
पैसा जेब में है तो अधिकतर सपने साकार किए जा सकते हैं। लेकिन अर्जेन्टीना में आप कम पैसे पर भी गुजारा कर सकते हैं। रहना, खाना, ट्रांसपोर्ट, चिकित्सा, मनोरंजन आदि सभी कुछ किफायती है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट सभी जगहों के लिए थोडे-थोडे समय अंतराल पर उपलब्ध है। सस्ता और अच्छा होने के कारण स्थानीय छात्रों के साथ-साथ विदेशी छात्र भी आवागमन के लिए इसी का प्रयोग करते हैं।
पार्ट टाइम जॉब और स्कॉलरशिप
इस देश में आप अपनी पढाई के साथ-साथ पार्ट टाइम जॉब भी कर सकते हैं। स्थानीय छात्रों पर इसे लेकर किसी तरह की बंदिश नहीं है लेकिन विदेशी विद्यार्थियों को सामान्य औपचारिकताओं के बाद जॉब करने के अनुमति मिल जाती है। बेहतर एजूकेशन रिकार्ड रखने वाले विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप की सुविधा भी प्राप्त हो जाती है।
स्थानीय भाषा
अंग्रेजी वहां की मान्य व्यापारिक भाषा है। स्थानीय नागरिक बोलचाल में स्पेनिश का प्रयोग करते हैं। जिन लोगों को स्पेनिश भाषा की जानकारी है, उन्हें वहां किसी भी तरह की समस्या का सामना नहीं करना पडता है। वहां जाने वाले बहुत से विदेशी तो केवल सर्टिफिकेट ऑफ स्पेनिश लैंग्वेज एंड यूज, सीईएलयू हासिल करने आते हैं। यह सर्टिफिकेट प्रमाणित करता है कि स्पेनिश भाषा में आपकी पूर्ण निपुणता है।
वीजा के लिए
अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों को वीजा के लिए आवेदन करते समय इस बात का प्रमाण प्रस्तुत करना होगा कि वे वहां पर आने वाले खर्चो को वहन करने में सक्षम हैं। इसके साथ ही एडमीशन प्रमाण पत्र, वैध पासपोर्ट, नागरिकता प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज भी देने होंगे। वहां देशों के आधार पर वीजा के नियम अलग-अलग हो सकते हैं।
प्राचीन विश्वविद्यालय
नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ कोरडोबा अर्जेन्टीना का सबसे प्राचीन विश्वविद्यालय है। कोरडोबा शहर में स्थित इस विश्वविद्यालय की स्थापना सन 1613 में की गई थी। इस यूनिवर्सिटी में 8 हजार से अधिक कर्मचारी एवं एक लाख से अधिक विद्यार्थी हैं। अगर आपने उच्च शिक्षा के लिए अर्जेन्टीना को चुना है तो इस विश्वविद्यालय का चयन एक अच्छा निर्णय हो सकता है।
शरद अग्निहोत्री