टेबो घाटी पुलिस छावनी में तब्दील
संवाद सूत्र, बंदगांव : नक्सली संगठन पीएलएफआइ के झारखंड बंद के एलान के मद्देनजर चाईबासा-रांची
संवाद सूत्र, बंदगांव : नक्सली संगठन पीएलएफआइ के झारखंड बंद के एलान के मद्देनजर चाईबासा-रांची एनएच के मध्य स्थित टेबो घाटी पुलिस छावनी में तब्दील रही। पीएलएफआइ रिजनल कमांडर सिमडेगा के गंजू गोप की पत्नी संगीता देवी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के विरोध में संगठन ने बंद का आह्वान किया था। जिसका असर बंदगांव प्रखंड में खासा रहा। कराईकेला, टेबो तथा बंदगाव पुलिस नक्सली बंद के कारण दिन भर मुस्तैद रही। टेबो घाटी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। गाड़ियों को पुलिस अपनी सुरक्षा में घाटी पार कर छोड़ कर आई। नक्सलियों के किसी भी मनसूबे को नाकाम करने के लिए पुलिस दिन भर जंगल में गश्त करती रही। कराईकेला थाना प्रभारी गौतम कुमार एवं थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा, बंदगांव थाना प्रभारी सतवीर ¨सह दल बल के साथ टेबो घाटी में डटे रहे। बंद के कारण इक्का दुक्का वाहन ही टेबो घटी में चले। एक भी लंबी दूरी की बसें नहीं चलीं। बैंक ऑफ इंडिया तथा टेबो स्वास्थ्य केंद्र बंद रहा। जगह जगह पुलिस द्वारा जांच अभियान भी चलाया गया। सभी सरकारी व गैर सरकारी कार्यालय, दुकान, होटल, सड़क निर्माण कार्य एवं पुलिया निर्माण कार्य सब ठप रहे। सुरक्षा कारणों से बहुत सारे वाहनों को कराईकेला, टेबो तथा बंदगांव थाना में खड़ा कर दिया गया। बहुत कम लोग ही सड़कों पर निकले।