इमली घाटी में टाटा मैक्स दुर्घटनाग्रस्त, 8 व्यापारी घायल
बंदगांव, संवाद सूत्र : बुधवार शाम को लगभग 7 बजे एनएच 75ई के बंदगांव स्थित इमली घाटी में टाटा मैक्स दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। दुर्घटना में बंदगांव हाट से लौट रहे 8 व्यापारी घायल हो गए। जिनमें से 4 लोगों की हालत गंभीर है। जानकारी के अनुसार टाटा मैक्स वाहन बंदगांव साप्ताहिक हाट से चक्रधरपुर की ओर लौट रहा था। इसी क्रम में टेबो के इमली घाटी में अंग्रेजी के यू आकार के मोड़ पर दुर्घटना हो गयी। ग्रामीणों ने बताया कि वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से वाहन में सवार सभी यात्री पहाड़ के नीचे की ओर गिर गए। हादसे में कुल 8 लोग घायल हो गए जिसमें से गंभीर रूप से घायल चार लोगों का रेलवे अस्पताल चक्रधरपुर में प्राथमिक उपचार कराया गया। इसके बाद घायलों को टीएमएच व एमजीएम जमशेदपुर रेफर कर दिया गया।
घायलों की सूची
सुशील मंडल व विकास मंडल मनोहरपुर, मोहम्मद एसके साजिद व हालिम चक्रधरपुर, मोहम्मद शफीक चाईबासा, दीपक कुमार फुलवाडिया पश्चिमी बंगाल, सरफराज अहमद, इजहार आलम उर्फ गुलु टाटा मैक्स के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से घायल हो गए।
आखिर कब तक चलेगा रेफर सिस्टम
चक्रधरपुर अनुमंडल में इस घटना के बाद व्यवस्था के लिए हो रहे विलाप ने चक्रधरपुर के लोगों को झकझोर कर रख दिया। आखिर कब तक रेफर व्यवस्था चलेगी। पूरे अनुमंडल में एक भी सर्व सुविधा संपन्न जीवन रक्षक अस्पताल नहीं है। गंभीर बीमारी व दुर्घटना में मरीज को जमशेदपुर ले जाने के सिवाय कोई चारा नहीं है।
एंबुलेंस के लिए घंटों इंतजार
घायल व्यापारियों के अस्पताल पहुंचने के कुछ ही मिनटों में प्राथमिक उपचार के बाद दो मरीज रेडक्रॉस सोसाइटी के एंबुलेंस से टाटा रवाना हो गए। बाकी मरीज बंगाली एसोसिएशन के एंबुलेंस की राह ताकते रहे। रह-रहकर उपस्थित लोग बंगाली एसोसिएशन के गैर जिम्मेदाराना रवैये से नाराज होते रहे। फिर अन्य एंबुलेंस की सेवा ली गई। बंगाली एसोसिएशन की एंबुलेंस तीन घंटे विलंब से अस्पताल पहुंची। रेलवे अस्पताल में घायलों के आने की सूचना मिलने पर रेडक्रॉसा सोसाइटी के सदस्य एंथोनी फर्नाडो, कृष्ण मोहन प्रसाद, मनीष शर्मा, गौरव कुमार, टेरेंस सल्वाडोर, रोटरी क्लब के प्रवीर प्रमाणिक, विनोद भगेरिया, पार्षद मोहम्मद अशरफ, अंजुमन के तजम्मूल हुसैन पहुंचे थे।