पति का शव खोज सुमित्रा ने पुलिस को दी चुनौती
संवाद सहयोगी, चाईबासा : टोंटो थाना क्षेत्र के कुइलसुता गांव की आंगनबाड़ी सेविका सुमित्रा सावैयां ने अपने रिश्तेदारों की मदद से अंतत: अपने पति जयराम सावैयां का कंकाल ढूंढ निकलने में सफलता पायी। सुमित्रा ने दावा किया है कि पहाड़ के पोरलोर खाई से जिस कंकाल को खोज कर निकाला है, वह उसके पति जयराम सावैयां का है। उसे खोजने के लिए उन्होंने अपने रिश्तेदारों की मदद ली। सुमित्रा ने बताया कि काफी मुश्किलों का सामना करने के बाद एक सड़ा-गला शव मिला है जो मेरे पति जयराम सावैयां का है। उन्होंने पुलिस के वरीय पदाधिकारियों से गुहार लगायी है कि उसके ससुर कानूराम सावैयां का भी शव जल्द से जल्द बरामद किया जाए ताकि हमें न्याय मिल सके। सुमित्रा ने पुलिसिया जांच पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस ने सही तरीके से अभी तक शव खोजने का प्रयास नहीं किया है। गिरफ्तार आरोपियों द्वारा यह कहना कि दोनों शव को तियुनबेड़ा नदी में फेंक दिया गया, सह सरासर झूठ है। सवाल किया कि 7 सितंबर से अब तक भारी बारिश नहीं हुई तो कैसे शव पानी में बह गया होगा।