हाथियों से अपनी रक्षा करने में जुटे ग्रामीण
ठेठईटांगर : प्रखंड में एक बार फिर से जंगली हाथियों के आगमन से लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपनी ज
ठेठईटांगर : प्रखंड में एक बार फिर से जंगली हाथियों के आगमन से लोगों में दहशत का माहौल है। लोग अपनी जानमाल की रक्षा के प्रयास में जुट गए हैं। लोग मशाल व किरोसिन तेल का इंतजाम करने में लगे हुए हैं। फिलहाल जंगली हाथियों के झुंड से कई हाथियों के बिछड़ने की जानकारी मिली है।
बताया जाता है कि सोमवार को रात में सभी जंगली हाथी दुमकी पंचायत के कुटनियां की ओर चले गए थे। मंगलवार को सुबह फिर से दो हाथियों को जोराम के पतराटोली में देखा गया। फिलहाल किसी प्रकार के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। वहीं हाथियों के आगमन के बाद से जामपानी, कटहलटोली, खुरेरबहार, पतराटोली, खिजुरटांड़, अक्वनटोली, रायबहार, लेबरेटोली, गिरजाटाली आदि दर्जनों गांव के लोगों को रतजगा करनी पड़ रही है। लोग अपने-अपने गांव के पास मशाल लेकर पहरा दे रहे हैं।
वहीं फॉरेस्टर रामचंद्र राम ने बताया कि पतराटोली पहुंचे हाथियों के झुंड में 9 हाथियों की जानकारी प्राप्त हुई है, लेकिन झुंड से बिछड़ने के बाद की स्थिति स्पष्ट नहीं हो रही है। फिलहाल कर्मी हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से हाथियों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है।