बहनों ने मांगी भाईयों की कुशलता की दुआ
सिमडेगा : सावन पूर्णिमा के मौके पर जिले भर में राखी का पर्व रक्षाबंधन हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान बहनों ने अपने भाईयों के माथे पर तिलक लगाकर राखी बांधी और सलामती की दुआ मांगी। वहीं भाईयों ने बहन को उपहार दिए। रक्षाबंधन पर्व को लेकर खासकर बच्चों में खूब उत्साह देखा गया। बच्चे पूरे दिन राखी पर्व का जश्न मनाया। साथ ही सहभागियों के साथ मौज मस्ती की। वहीं कुछ लोगों को डाक के माध्यम से राखी मिली, जिसे भाईयों ने खुद से ही बांधकर रक्षाबंधन पर्व को मनाया। राखी पर्व के मद्देनजर पूरे शहर में राखी पर्व से संबंधित गीत बजते रहे। मालूम हो कि रक्षाबंधन का पर्व प्रत्येक वर्ष आता है और यह भाई-बहन के अटूट स्नेह के बंधन को और मजबूत कर चला जाता है। प्रत्येक बहना यही चाहती है कि उसका भाई सदा सकुशल रहे और वह हर वर्ष अपने भाई की कलाई पर राखी बांधती रहे।
गायत्री परिवार की बहनों ने कैदियों को बांधी राखी
सिमडेगा : रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर गायत्री परिवार की बहनों ने सिमडेगा मंडलकारा में जाकर कैदी भाईयों की कलाई पर राखी बांधी। साथ ही, जेल से निकलकर अच्छा कार्य करने की बात कही। मौके पर बहन मीना ने नर से नारायण बन जाएं प्रभु ऐसा ज्ञान देना भजन गाकर कैदी भाईयों को भावुक बना दिया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में बहन विभा, अनंत किशोर श्रीवास्तव, नरेश मित्तल, मीना देवी, मनीष चौधरी, शिवकुमार सिंह आदि ने योगदान दिया।