धान की खरीदारी में बिचौलिया से बचें,अन्यथा केस
सरायकेला: जिला आपूर्ति पदाधिकारी-डीएसओ- अनिता सहाय ने गुरुवार को सरकारी धान क्रय केंद्र
सरायकेला: जिला आपूर्ति पदाधिकारी-डीएसओ- अनिता सहाय ने गुरुवार को सरकारी धान क्रय केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने धान क्रय के संबंध में जानकारी लेते हुए केंद्र संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के क्रम में डीएसओ सहाय ने कहा कि सरायकेला में एनसीएमएल नाम की कंपनी द्वारा धान का क्रय किया जा रहा है। उन्होंने धान क्रय केंद्र के संचालक से एसएसएमएस पंजी व अन्य पंजी दिखाने को कहा परंतु संचालक किसी प्रकार के कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाए और बाद में उपलब्ध कराने की बात कही। जिस पर डीएसओ ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि अगर किसी बिचौलिया के माध्यम से धान क्रय की शिकायत मिली तो सीधे थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। किसानों को सरकार द्वारा समर्थन मूल्य में ही धान खरीद करना है। अगर अनियमितता मिलती है तो कार्रवाई होगी। सहाय ने अनुबंधित किसानों से अपील की कि किसी बिचौलिया या दलाल के झांसे में न आएं और सीधी क्रय केंद्र में जाकर धान की बिक्री करें। उन्होंने केंद्र संचालक को धान क्रय में तेजी लाने का निर्देश दिया और कहा कि अनुबंधित किसानों की सूची के अनुसार ही धान का क्रय करें। डीएसओ ने कहा कि किसानों को तीन दिनों के अंदर बेचे गये धान की राशि उनके खाते में चली जाएगी।