नप के कर्मचारी को तीन घंटे तक बंधक बनाया
आदित्यपुर : बाबकुटी आश्रम छठ घाट पर मंगलवार को आदित्यपुर नगर पर्षद के कनीय अभियंता कौशल किशोर व डेवि
आदित्यपुर : बाबकुटी आश्रम छठ घाट पर मंगलवार को आदित्यपुर नगर पर्षद के कनीय अभियंता कौशल किशोर व डेविड ओया समेत तीन कर्मचारियों को बाबकुटी आश्रम के लोगों ने तीन घंटे तक बंधक बनाए रखा। बाद में नप उपाध्यक्ष विनोद श्रीवास्तव, पूर्व उपाध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह, आरआइटी थाना प्रभारी अमरजीत प्रसाद व आदित्यपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने घटना स्थल पर पहुंचकर वार्ता की जिसके बाद कर्मचारियों को छोड़ा गया। हालांकि नदी के सामने वाली सड़क बोर्ड नहीं लगाने दिया गया। इस बारे में लोगों का कहना था कि प्रत्येक वर्ष यहां हजारों लोगों द्वारा छठ व्रत किया जाता है लेकिन प्रशासन इसे डेंजर जोन घोषित कर इसके बहाने घाट की कोई सफाई नहीं करवाता है। इसके कारण छठ व्रतियों की काफी परेशानी होती है। बाद में दोनो पक्षों के बीच वार्ता के बाद नप द्वारा जेसीबी लगाकर घाट की सफाई करायी गई। डेंजर जोन का बोर्ड नहीं लग पाया। लोगों का कहना था कि बोर्ड लगाना है तो नदी के भीतर लगाएं, रोड पर नहीं। वहीं नप का कहना था कि नदी में घुसकर बोर्ड लगाने को लेकर उसके पास आदमी नहीं है। बताया जाता है पूर्व के समय से ही उस घाट को डेंजर जोन घोषित किया गया है। करीब तीन घंटे बाद अभियंता को बधंक से मुक्त कराया गया। इस दौरान स्थानीय लोग नगर पर्षद को काफी कोसते हुए नजर आ रहे थे। उनके प्रति काफी आक्रोश व्याप्त था।