गंगा का जलस्तर बढ़ने से बढ़ी बेचैनी
साहिबगंज : गंगा का जलस्तर बढ़ने से दियारा वासियों की बेचैनी बढ़ गई है। साहिबगंज जिले में ग
साहिबगंज : गंगा का जलस्तर बढ़ने से दियारा वासियों की बेचैनी बढ़ गई है। साहिबगंज जिले में गंगा नदी का जलस्तर रविवार सुबह छह बजे साहिबगंज में 27.550 मीटर है जो खतरे के निशान से 0.30 मीटर ऊपर है। राजमहल में भी रविवार सुबह जलस्तर में कुछ वृद्धि हुई है। वहां भी जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। केंद्रीय जल आयोग से मिली रिपोर्ट के अनुसार गंगा का जलस्तर रविवार सुबह बक्सर में बढ़ रहा है। जबकि गांधी घाट पटना में स्थिर है। हाथीदह, भागलपुर, कहलगांव व साहिबगंज में जलस्तर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। साहिबगंज में जल स्तर सोमवार सुबह बढ़कर 27.700 मीटर होने का अनुमान है। यानि 24 घंटे में जलस्तर 15 सेंटीमीटर बढ़ने की संभावना है। राजमहल में भी जलस्तर बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।
आपदा विभाग के पदाधिकारी अमित राजदीप ने बताया कि सभी संबंधित विभाग को अलर्ट कर दिया गया है। अंचल अधिकारियों से कहा गया है कि वे गंगा के जलस्तर पर नजर रखें। स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभागों को भी तैयार रहने को कहा गया है। गंगा का जलस्तर हालांकि बढ़ रहा है परंतु घरों में पानी घुसने में अभी वक्त है।