पाकुड़-दुमका में कार्यरत अभियंता की हत्या
साहिबगंज : स्वास्थ, शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग के अभियंता अखिलेश कुमार सिंह की सेविका के पति और उस
साहिबगंज : स्वास्थ, शिक्षा व परिवार कल्याण विभाग के अभियंता अखिलेश कुमार सिंह की सेविका के पति और उसके एक दोस्त ने पत्थर से सिर कूचकर हत्या कर दी थी। साक्ष्य को छिपाने के लिए शव को गम्हरिया पहाड़ के बोगड़ा जंगल में दफन कर दिया था। अभियंता अखिलेश कुमार सिंह दुमका व पाकुड़ में पदस्थापित थे। वह 27 अप्रैल को बोरियो थाना क्षेत्र से लापता हो गए थे। घटना का कारण आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका से अवैध संबंध बताया जाता है। पुलिस ने लापता अभियंता की खोज में कई स्थानों पर जांच पड़ताल की। बाद में शनिवार दोपहर सेविका के पति पटवारी किस्कू के दबोचने के बाद उसने पुलिस को गम्हरिया पहाड़ के नीचे जंगल में शव को छिपाने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस पटवारी किस्कू को लेकर मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। इस संबंध में अभियंता के पुत्र निखिल कुमार ने पाकुड़ के नगर थाना में पिता के गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अभियंता 27 अप्रैल की सुबह तीन बजे पाकुड़ से बरहड़वा के लिए चले थे। वह लगभग चार बजे सुबह बरहड़वा पहुंचे। वहां से साढ़े पांच बजे हाथीगढ़ होते हुए बोरियो पहुंचे। फिर तेलो पंचायत स्थित मोतीडीह के लिए निकले। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चला।
सूत्रों के अनुसार अभियंता सिंह का बोरियो के मोतीडीह स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की एक सेविका के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध था। पाकुड़ एसपी अजय लिंडा के निर्देश पर बोरियो थाना प्रभारी एलबी प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस बल लापता अभियंता की खोज में मोतीडीह पहुंची। काफी खोजबीन के बाद भी अभियंता के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली और न ही उसे बरामद किया जा सका। इसके बाद थाना प्रभारी ने सेविका को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी। इस क्रम में सेविका ने पुलिस को बताया कि उसके साथ महज एक माह पूर्व अभियंता की जान पहचान हुई थी। इसके बाद से दोनों मोबाइल पर अक्सर बातचीत किया करते थे और अभियंता सेविका के घर अक्सर आते-जाते थे।
पुलिस के अनुसार, बीते 27 अप्रैल को भी अभियंता की सेविका से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। अभियंता से हो रही बातचीत को सेविका का पति पटवारी किस्कू ने सुन लिया था। इसके अलावा पति पटवारी ने सेविका व अभियंता को एक साथ उसी दिन देख भी लिया। पटवारी ने एक ग्रामीण के साथ मिलकर अभियंता के साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान सेविका डर से वहां से भाग निकली। इसके बाद से अभियंता, सेविका का पति व उससे मारपीट करने वाला एक अन्य ग्रामीण लापता है। इस संबंध में साहिबगंज के एसपी सुनील भास्कर ने पूछे जाने पर बताया कि सेविका के पति का शव गम्हरिया पहाड़ के नीचे बोगड़ा की जंगल से बरामद किया गया है। घटना को अंजाम देने के बाद उनके शव को गाड़ दिया गया था।