झूठे सपने दिखा मोदी ने किया गुमराह : लालू
कोटालपोखर/ उधवा (साहिबगंज) : भाजपा सांप्रदायिक पार्टी है। इसको सत्ता में आने से रोकने में ही राज्य व
कोटालपोखर/ उधवा (साहिबगंज) : भाजपा सांप्रदायिक पार्टी है। इसको सत्ता में आने से रोकने में ही राज्य व देश की भलाई है। गुरुवार को मिल्लत उच्च विद्यालय श्रीकुंड के मैदान में पाकुड़ विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झूठे सपने दिखा कर हिन्दू व मुस्लिम दोनों समुदाय को गुमराह किया। मोदी ने लोगों से वादा किया था कि विदेश से काला धन वापस लाकर भारत के हर व्यक्ति के खाते में 15-15 लाख रुपया जमा किया जाएगा। परंतु क्या आप लोगों को रुपया मिला?
वहीं पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय ने कहा कि भाजपा व झामुमो ने विगत 14 वर्ष से विकास के नाम पर सिर्फ झारखंड को लूटा है। पाकुड़ विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी आलमगीर आलम ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में क्षेत्र में विकास की गति थम गई है। अगर जनता ने उन्हें मौका दिया तो फिर वे पाकुड़ विधानसभा में रुके विकास की गति को धरातल पर उतारने का काम करेंगे। साथ ही उन्होंने अपने पिछले दस वर्ष के कार्यकाल में पाकुड़ विधानसभा में किए गए विकास कार्यो को गिनाया। इस मौके पर अनिल ओझा, अश्विनी कुमार आनंद, मोफक्कर हुसैन, अशोक दास, मो. नसीरूद्दीन, मो. हेजाज, मोरसलीम खान, अहादक हुसैन आदि मौजूद थे।
बाद में लालू उधवा के हाईस्कूल मैदान में राजद प्रत्याशी अरुण मंडल के पक्ष में चुनावी सभा को संबोधित किया। यहां भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके निशाने पर रहे। लालू ने कहा कि मोदी ने अच्छे दिन का सपना दिखाकर लोगों को छला है। अच्छे दिन के नाम पर लोगों से झाड़ू लगवा रहे हैं। भाजपा की सहयोगी पार्टी शिवसेना महाराष्ट्र से बिहारी व झारखंडियों को भगाने का काम कर लोगों में नफरत फैला रही है। परंतु हम ऐसा नहीं होने देंगे। इसके लिए जनता परिवार को एक कर मुलायम, नीतीश कुमार और शरद यादव को एक मंच पर ला रहे हैं। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि मैं कल चुनाव प्रचार में नहीं आ सका क्योंकि जिसे हेमंत सोरेन को मैने मुख्यमंत्री बनाया वो कल मेरा हेलीकॉप्टर लेकर भाग गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी के बहकावे में नहीं आकर राजद को अपना वोट दें। सभा को राज्यसभा सदस्य प्रेमचंद्र गुप्ता, बिहार के विधान पार्षद भोला प्रसाद यादव, प्रत्याशी अरुण मंडल, इंदुभूषण महतो, प्रो. अरविंद साहनी, राजद जिलाध्यक्ष सत्यनारायण यादव ने भी संबोधित किया।